शहर की सभी मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज़ का समय तय, प्रशासनिक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
Junaid Khan - शहडोल। पवित्र रमज़ान माह के रोज़ों की इबादत के बाद अब ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे जिले में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहडोल शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में ईद की नमाज़ को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नेशनल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी शहडोल एवं जिला मुस्लिम त्यौहार कमेटी के अध्यक्ष शान उल्ला खान ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को सुबह 9 बजे शाही इलाही ईदगाह, पाली रोड में ईद-उल-फितर की मुख्य नमाज़ अदा की जाएगी। इस नमाज़ की पेश इमामत जनाब हाफिज इरफान साहब द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि सोहागपुर अंजुमन कमेटी के सरपरस्त हाजी हमीदुल्ला खान, सफी उल्ला खान, सूफियान खान एवं अंजुमन कमेटी के सदस्यों की देखरेख में ईदगाह में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नमाज़ियों के लिए टेंट, कुर्सी, पानी एवं नाश्ते की विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रशासन और समाज के लोगों को दिया आमंत्रण
शान उल्ला खान ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं शहर के गणमान्य नागरिकों से अपील की है कि वे सोहागपुर ईदगाह में पहुंचकर ईद की मुबारकबाद दें और देश की खुशहाली व अमन-चैन के लिए की जाने वाली दुआ में शामिल हों।
शहर के अन्य स्थानों पर भी नमाज़ का समय तय
ईद के मौके पर शहडोल शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में भी नमाज़ अदा की जाएगी शहडोल ईदगाह सुबह 09 बजे, पेश इमाम मौलाना आरिफ साहब मरकज तालीमुल इस्लाम मस्जिद मदरसा, शहडोल सुबह 8:45 बजे नूरी मस्जिद, पुरानी बस्ती निर्धारित समय पर नमाज़ ईदगाह, रीवा रोड निर्धारित समय पर नमाज़ बाईपास बस स्टैंड मदरसा निर्धारित समय पर नमाज़ नूरी मस्जिद, शौकी मोहल्ला निर्धारित समय पर नमाज़ गढ़ी सोहागपुर निर्धारित समय पर नमाज़ इसके अतिरिक्त जिले की अन्य मस्जिदों में भी ईद-उल-फितर की नमाज़ अदा की जाएगी।
रमज़ान के बाद खुशियों का त्योहार
गौरतलब है कि एक माह तक रोज़ा रखने के बाद ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाता है, जो आपसी भाईचारे, मोहब्बत और इंसानियत का संदेश देता है। अंत में शान उल्ला खान सहित शहडोल के समस्त मुस्लिम समाज ने जिलेवासियों को ईद-उल-फितर की दिली मुबारकबाद दी और सभी के लिए अमन, शांति और खुशहाली की दुआ की।
