पुलिस की बड़ी कार्रवाई म्युल अकाउंट गैंग का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार दुबई से चल रहा था ठगी का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क
Junaid khan - शहडोल सँभाग के जिले अनुपपुर के थाना कोतमा में दिनांक 19 मार्च 2026 अनूपपुर जिले में बैंक खातों के जरिए बड़े स्तर पर चल रहे ऑनलाइन ठगी और अवैध लेन-देन के संगठित नेटवर्क का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। थाना कोतमा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस गिरोह का मुख्य सरगना दुबई में बैठकर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। मामले में अब तक भारी मात्रा में एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, पासबुक, मोबाइल और लैपटॉप सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं।
भोले-भाले लोगों के खातों का हो रहा था दुरुपयोग
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब 27 फरवरी 2026 को ग्राम पडोर निवासी दीपक केवट ने थाना कोतमा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि कुछ लोग सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ग्रामीणों के बैंक खाते खुलवा रहे थे और बदले में कमीशन देकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम अपने पास रख लेते थे। जांच में सामने आया कि इन खातों का इस्तेमाल बड़े स्तर पर ऑनलाइन ठगी और अवैध ट्रांजेक्शन के लिए किया जा रहा था।
ऐसे चलता था गिरोह का पूरा खेल
(Modus Operandi)
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी बादल सोनी उर्फ जिमी अपने साथियों के साथ मिलकर खासतौर पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में खाते खुलवाते थे, क्योंकि इस बैंक के एटीएम कार्ड की ट्रांजेक्शन लिमिट अधिक होती है। इसके बाद खाताधारकों से एटीएम, पासबुक और सिम ले लिए जाते सभी दस्तावेज मुंबई भेजे जाते मुंबई से इन्हें सेट कर दुबई भेज दिया जाता। दुबई में बैठे सरगना इन खातों से ठगी और अवैध लेन-देन करते और रकम की निकासी मुंबई में एटीएम के जरिए की जाती।
मुंबई से दुबई तक फैला नेटवर्क
पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम मुंबई पहुंची, जहां से आरोपी दीपक यादव उर्फ फिलिप को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भारी मात्रा में सामग्री बरामद हुई। 145 एटीएम कार्ड। 23 सिम कार्ड (एयरटेल, जियो, वीआई) 20 पासबुक, 5 चेकबुक। 14 मोबाइल फोन। 1 डेल लैपटॉप, 1 राउटर। आरोपी ने खुलासा किया कि वह दुबई में बैठे सरगना हितेश नंदवानी उर्फ सिल्वर ओक्स, विशाल जत्यानी और पंकज सुखनानी के निर्देश पर काम करता था और रोजाना 10,12 लाख रुपये की निकासी कर उन्हें पहुंचाता था। मुख्य सरगना दुबई में फरार, लुकआउट नोटिस जारी। इस गिरोह का मुख्य सरगना हितेश नंदवानी उर्फ सिल्वर ओक्स सहित अन्य आरोपी फिलहाल दुबई में रहकर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे हैं। पुलिस द्वारा इनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। साथ ही, इस पूरे मामले में बैंक कर्मचारियों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम और एसडीओपी कोतमा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल के नेतृत्व में टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में उप निरीक्षक अकबर खान, सउनि सुखीनंद यादव, प्रधान आरक्षक संजीव त्रिपाठी, रामखेलावन यादव, अभय त्रिपाठी, सुनील मिश्रा, महेश साहू एवं साइबर सेल के राजेंद्र अहिरवार, पंकज मिश्रा और राजेंद्र केवट शामिल रहे। सावधानी ही बचाव। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड का उपयोग करने के लिए न दें। सरकारी योजनाओं के नाम पर किसी भी प्रकार का लालच या कमीशन स्वीकार न करें,अन्यथा आप भी अनजाने में अपराध का हिस्सा बन सकते हैं।
