हज यात्रा की तैयारी पूरी: शहडोल में भव्य प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन, 100 से अधिक हाजियों ने लिया हिस्सा
Junaid Khan - शहडोल। रविवार, 29 मार्च को शहडोल जिले में हज यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर एक भव्य एवं सुव्यवस्थित प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सोहागपुर स्थित होटल एन.एस. के पास आयोजित हुआ, जिसमें जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में हज यात्रियों (हुज्जाज) ने भाग लिया। सुबह 9 बजे से शुरू हुए इस प्रशिक्षण शिविर में शहडोल जिले के 84, उमरिया जिले के 14 तथा प्राइवेट कोटा से लगभग 10 हाजियों सहित कुल 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। शिविर का उद्देश्य हज यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारी, प्रक्रियाएं और सावधानियों से यात्रियों को अवगत कराना रहा। शिविर में मध्यप्रदेश हज ट्रेनर डॉ. सादिक खान ने हज की संपूर्ण प्रक्रिया, नियमों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। वहीं शहर काज़ी मौलाना हसन रहमानी ने हज की धार्मिक महत्ता एवं इसके आध्यात्मिक पहलुओं पर प्रभावशाली बयान प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने बेहद ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम के दौरान जिला हज कमेटी के संरक्षक हाजी सरवर अली ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का गर्मजोशी से इस्तेकबाल किया। वहीं जिला हज कमेटी के अध्यक्ष सैय्यद जियाउल इस्लाम ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों की सराहना की। शिविर का समापन सदर मस्जिद के हाजी फरीद खान की दुआओं के साथ हुआ, जिसमें हज यात्रा की सफलता एवं सभी यात्रियों की सलामती की दुआ की गई। इस अवसर पर शहर के कई उलमा, समाजसेवी एवं पूर्व हाजी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। शिविर के दौरान हाजियों को हेल्थ कार्ड एवं ट्रेनिंग कार्ड भी वितरित किए गए, जिससे उनकी यात्रा और अधिक सुगम हो सके। साथ ही सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की समुचित व्यवस्था भी की गई थी। कार्यक्रम का संचालन एवं संपूर्ण प्रबंधन जिला हज कमेटी शहडोल के संरक्षक हाजी सरवर अली के मार्गदर्शन में किया गया। वहीं शिविर के सफल आयोजन में उपाध्यक्ष साकिब अली का विशेष योगदान रहा, जो लगातार कई दिनों से आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे रहे। इस अवसर पर पूर्व जिला हज कमेटी अध्यक्ष शकील अहमद, जिला वक्फ कमेटी से जुड़े पदाधिकारी, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष राहत सिद्दीकी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह भी रहा आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष शानउल्ला खान द्वारा हज कमेटी से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों एवं ट्रेनर का सम्मान किया गया। इस दौरान हाजी सरवर अली, शकील अहमद, सैय्यद जियाउल इस्लाम, साकिब अली एवं डॉ. सादिक खान को विशेष रूप से सम्मानित कर उन्हें एज़ाज़ से नवाज़ा गया। इस सफल आयोजन ने न केवल हज यात्रियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया, बल्कि जिले में आपसी सहयोग, धार्मिक एकता और संगठनात्मक मजबूती का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।


