बकाया बिल न चुकाने पर बिजली विभाग की सख्ती,बुढार क्षेत्र के 12 ट्रांसफार्मर किए बंद
Junaid Khan - शहडोल। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के शहडोल वृत्त अंतर्गत बुढार तहसील में बिजली विभाग ने बकाया बिल वसूली को लेकर सख्त कार्रवाई की है। विभाग द्वारा बकाया राशि का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान चलाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में कुल 12 ट्रांसफार्मरों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित कर दी गई। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार कई उपभोक्ताओं द्वारा लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा था, जिसके कारण विभाग को यह कदम उठाना पड़ा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि जमा करने के बाद ही संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। अभियान के दौरान कठई क्षेत्र में 63 केवीए का डीटीआर बंद किया गया, जहां 34 उपभोक्ताओं पर कुल 1,04,767 रुपये का बिजली बिल बकाया है। इसी क्षेत्र में 25 केवीए का डीटीआर भी बंद किया गया, जिसमें 22 उपभोक्ताओं पर लगभग 40,000 रुपये का बकाया दर्ज है। इसके अलावा एक अन्य 63 केवीए डीटीआर को भी बंद किया गया, जहां 35 उपभोक्ताओं पर कुल 2,15,735 रुपये की बकाया राशि लंबित है। वहीं जवारी स्कूल मोहल्ला (फीडर 96-7) में 25 केवीए डीटीआर बंद किया गया, जिसमें 34 उपभोक्ताओं पर 63,317 रुपये का बकाया है। इसी प्रकार जवारी नदिया टोला (फीडर 96-8) में 25 केवीए डीटीआर की बिजली आपूर्ति बंद की गई, जहां 31 उपभोक्ताओं पर कुल 38,901 रुपये का बिल बकाया है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजस्व वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा और जिन क्षेत्रों में उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान नहीं करेंगे, वहां इसी तरह की कार्रवाई आगे भी की जाएगी। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर अपने बिजली बिल का भुगतान करें, ताकि बिजली आपूर्ति बाधित न हो।
