रक्तदान से बचाई जा सकती हैं कई जिंदगियां-डॉ. दिवेदी

शिवानी पैरामेडिकल कॉलेज में लगा रक्तदान शिविर,30 यूनिट रक्त किया गया एकत्र 


Junaid Khan - शहडोल। 11 मार्च रक्तदान को दुनिया का सबसे अनमोल दान माना जाता है। किसी जरूरतमंद को रक्त देकर उसकी जिंदगी बचाना मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। इसी सोच के साथ शिवानी पैरामेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 30 यूनिट रक्तदान किया। कॉलेज के निदेशक डॉ. डी.एन. दिवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में जिला चिकित्सालय शहडोल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अब्दुल शमीम ने उपस्थित छात्रों को रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे किसी भी स्वस्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि यह किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान बन सकता है। डॉ. शमीम ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि समाज में आज भी रक्तदान को लेकर कई भ्रांतियां हैं, जिन्हें दूर करना जरूरी है। यदि 18 से 60 वर्ष तक का स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान करे तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक, नर्सिंग स्टाफ और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में शामिल सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रबंधन ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।

Previous Post Next Post