आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल करेंगे शुभारंभ
Junaid Khan - शहडोल। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13, 14 और 15 मार्च 2026 को शहडोल में “रोटरी राहत नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर शासकीय आईटीआई, रीवा रोड, शहडोल में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। शिविर का शुभारंभ मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल द्वारा किया जाएगा। आयोजन की सारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। यह विशाल स्वास्थ्य शिविर राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुप्रीम कोर्ट विवेक कृष्ण तन्खा के प्रयासों से रोटरी क्लब शहडोल, मण्डला मैकल एवं जबलपुर, राजकृष्ण तन्खा फाउंडेशन, चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल भोपाल तथा लोक स्वास्थ्य चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग म.प्र. शासन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। रोटरी क्लब के अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि शिविर को लेकर कलेक्टर शहडोल डॉ केदार सिंह द्वारा कई बार बैठक ली जा चुकी है। कार्यक्रम संयोजक राजेश गुप्ता ने बताया कि शिविर में देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ चिकित्सक आधुनिक तकनीक के माध्यम से विभिन्न प्रकार के रोगों की जांच, परामर्श और आवश्यक ऑपरेशन भी नि:शुल्क करेंगे। शिविर में मेदांता मेडिसिटी गुरुग्राम, बॉम्बे हॉस्पिटल मुंबई, लीलावती अस्पताल मुंबई, मणिपाल हॉस्पिटल नोएडा, चिरायु मेडिकल एंड हॉस्पिटल भोपाल, श्री नारायण हॉस्पिटल रायपुर, जबलपुर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर जबलपुर सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर शासकीय मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय शहडोल, आदित्य हॉस्पिटल शहडोल, अमृता हॉस्पिटल शहडोल और श्री राम हॉस्पिटल शहडोल का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। शिविर के दौरान मेडिसिन, कैंसर, हड्डी रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग, छाती एवं श्वास रोग, त्वचा रोग, मानसिक रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, हृदय रोग, कान-नाक-गला रोग सहित विभिन्न सुपर स्पेशलिटी विभागों के विशेषज्ञ मरीजों का परीक्षण करेंगे। आवश्यकता अनुसार जटिल बीमारियों और ऑपरेशन के लिए मरीजों को आवश्यकता के अनुसार बाहर के अस्पताल भी रेफर किया जाएगा, जहां जांच, ऑपरेशन, दवाइयां और अन्य सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में मरीजों के लिए डिजिटल एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईको, ईसीजी, आंखों की जांच, डायबिटीज जांच तथा फेफड़ों की कार्यक्षमता परीक्षण जैसी जांच सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। साथ ही शिविर के दौरान यदि रक्त की आवश्यकता पड़ती है तो उसके लिए रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक राजेश गुप्ता के अनुसार इससे पहले वर्ष 2016 में 13 से 18 फरवरी तक आयोजित मेगा शिविर में 31 हजार से अधिक लोगों ने पंजीयन कराकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया था, जिसमें 1700 से अधिक ऑपरेशन किए गए थे। उसी उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए इस बार तीन दिवसीय शिविर में इससे भी अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
ब्लड डोनेशन कैंप 11 मार्च को
शिविर के दौरान रक्त की कमी को दूर करने के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन 11 मार्च को आयोजित किया गया है। यह शिविर जिला चिकित्सालय में आयोजित होगा। संयोजक ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान जरूरत पड़ने पर उपयोग हो सकेगा। बच गया तो शिकलसेल मरीजों के काम सकेगा।
वालेंटियर के लिए खुला ऑफर
आयोजन के दौरान नेक काम का हिस्सा बनने के लिए समाजसेवियों, युवाओं का आव्हान किया गया है। आयोजकों के अनुसार समाजसेवा में रुचि रखने वालो हर नागरिक सहभागी बन सकते है। व्यवस्था में काम करने वालों को आई कार्ड भी जारी किए जाएंगे।
सहयोग की अपील
आयोजकों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से नि:शुल्क परामर्श और उपचार का लाभ उठाएं। राजेश गुप्ता कार्यक्रम संयोजक-कृष्ण कुमार गुप्ता अध्यक्ष, रोटरी क्लब शहडोल-विनोद प्रधान सचिव, रोटरी क्लब शहडोल।

