सोहागपुर में आयोजित कार्यक्रम में 38 परिवारों को वितरित की गई राशन किट, विभिन्न संस्थाओं ने मिलकर करीब 280 किट बांटकर पेश की इंसानियत की मिसाल
Junaid Khan - शहडोल। पवित्र रमजान माह में जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से सोहागपुर स्थित नेशनल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी शहडोल के कार्यालय में रविवार को साधारण सभा के साथ रमजान किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम दोपहर करीब 1 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें समाज के जरूरतमंद परिवारों को दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री से भरी किट प्रदान की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्य कार्यपालन अधिकारी इमरान सिद्दीकी उपस्थित रहे। वहीं समाजसेवी मास्टर सफी उल्ला खान, मास्टर सगीर खान और नोट भाई सहित संगठन के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रमजान का महीना आपसी सहयोग, सेवा और भाईचारे का संदेश देता है और जरूरतमंदों की मदद करना सबसे बड़ी इबादत है। कार्यक्रम के दौरान नेशनल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी की ओर से 38 जरूरतमंद परिवारों को रमजान किट वितरित की गई। इन किटों में रोजा रखने वाले परिवारों के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल थी, जिससे उन्हें रमजान के महीने में सहूलियत मिल सके। समाजसेवी शानुल्लाह खान ने बताया कि हर वर्ष रमजान के पवित्र माह में इस तरह की सेवा गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, ताकि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि शहडोल जिले में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं मिलकर हर साल बड़ी संख्या में रमजान किट का वितरण करती हैं। उन्होंने जानकारी दी कि उम्मत फाउंडेशन शहडोल, जमात-ए-इस्लामी हिंद शहडोल, विजन राहत शहडोल और नेशनल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष जिले में लगभग 280 रमजान किट जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई जा रही हैं। कार्यक्रम के अंत में शानुल्लाह खान ने अपने परिवार, दोस्तों और उन सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपनी आर्थिक सहायता और सहयोग से इस नेक कार्य में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही इस प्रकार के सेवा कार्य संभव हो पाते हैं और भविष्य में भी जरूरतमंदों की मदद के लिए ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

