14 सूत्रीय मांगों को लेकर ड्राइवर महासंघ की पदयात्रा, अमरकंटक से भोपाल तक पैदल मार्च

14 सूत्रीय मांगों को लेकर ड्राइवर महासंघ की पदयात्रा, अमरकंटक से भोपाल तक पैदल मार्च 


Junaid Khan - शहडोल। ड्राइवरों की विभिन्न समस्याओं और 14 सूत्रीय मांगों को लेकर ड्राइवर महासंघ द्वारा अमरकंटक से भोपाल तक पदयात्रा निकाली जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को पदयात्रा शहडोल पहुंची, जहां स्थानीय टैक्सी यूनियन द्वारा यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। पदयात्रा में शामिल ड्राइवरों का शहडोल शहर में गर्मजोशी के साथ अभिनंदन किया गया। टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उनके संघर्ष और एकजुटता की सराहना की। इस दौरान बड़ी संख्या में ड्राइवर और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। ड्राइवर महासंघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनकी 14 सूत्रीय मांगों में ड्राइवरों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, उचित बीमा व्यवस्था, दुर्घटना में सहायता, रोजगार की स्थिरता तथा अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं। इन मांगों को सरकार तक पहुंचाने और उनका समाधान कराने के उद्देश्य से यह पदयात्रा अमरकंटक से शुरू होकर भोपाल तक जाएगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से ड्राइवर वर्ग विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन उनकी समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पदयात्रा के माध्यम से सरकार का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित किया जा रहा है, ताकि ड्राइवरों को न्याय मिल सके। इस अवसर पर टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने पदयात्रा में शामिल सभी साथियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ड्राइवर समाज की आवाज को मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ड्राइवरों के हितों की लड़ाई में शहडोल के वाहन चालक भी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़े रहेंगे।

Previous Post Next Post