ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से किसान को मिला गुम हुआ झोला

12 हजार नगद व जरूरी दस्तावेज सुरक्षित लौटाए


Junaid Khan - शहडोल। शहर में तैनात ट्रैफिक पुलिस की सजगता और ईमानदारी का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। ट्रैफिक पुलिस की तत्परता से एक किसान का गुम हुआ झोला, जिसमें जरूरी दस्तावेजों के साथ करीब 12 हजार रुपये नगद रखे थे, सुरक्षित वापस मिल गया। झोला मिलने के बाद किसान ने ट्रैफिक पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की। जानकारी के अनुसार सिंहपुर पडरिया निवासी किसान छोटे लाल प्रजापति किसी आवश्यक कार्य से शहडोल शहर आए हुए थे। इस दौरान जब वे राजेंद्र टॉकीज चौक के पास से गुजर रहे थे, तभी उनका झोला साइकिल से गिर गया। झोले में जमीन और पहचान से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ लगभग 12 हजार रुपये नगद भी रखे हुए थे। कुछ देर बाद जब किसान को झोला गिरने की जानकारी हुई तो वह काफी परेशान हो गए और आसपास तलाश शुरू कर दी। झोला नहीं मिलने पर उन्होंने तत्काल ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक आरक्षक मंटू यादव को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए झोले की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान जयस्तंभ चौक में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी अरशद खान को एक ऑटो चालक संदिग्ध स्थिति में झोले के साथ दिखाई दिया। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए ऑटो चालक को रोककर झोले की जांच की और उसे अपने कब्जे में ले लिया।

झोले में मिले दस्तावेजों में दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर ट्रैफिक पुलिस ने किसान छोटे लाल प्रजापति से संपर्क किया और उन्हें मौके पर बुलाया। पहचान की पुष्टि होने के बाद झोला और उसमें रखे सभी दस्तावेज एवं नगदी किसान को सुरक्षित वापस सौंप दी गई।

अपना खोया हुआ झोला और नगदी सुरक्षित वापस पाकर किसान छोटे लाल प्रजापति ने ट्रैफिक पुलिस का दिल से आभार व्यक्त किया। वहीं शहरवासियों ने भी ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता, ईमानदारी और तत्परता की सराहना करते हुए इसे पुलिस की जनसेवा का सराहनीय उदाहरण बताया।

Previous Post Next Post