कुपोषण से बचाव हेतु सीएसआर मद से पोषण बैंक गठन संबंधी बैठक सम्पन्न
Junaid Khan - शहडोल। 11 मार्च 2026-मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने जिले में गंभीर कुपोषित बच्चों, टीबी से पीड़ित मरीजों तथा हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार के लिए सीएसआर (कॉर्पाेरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) मद से पोषण बैंक के गठन के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री अखिलेश मिश्रा, अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री अमित चौरसिया सहित विभिन्न औद्योगिक संस्थानों एवं बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने बताया कि जिले में गंभीर कुपोषित बच्चों, एनीमिया से ग्रसित महिलाओं तथा टीबी मरीजों को अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सीएसआर मद के माध्यम से पोषण बैंक की स्थापना की जा रही है। इसके तहत विभिन्न औद्योगिक संस्थानों एवं बैंकों के सहयोग से जरूरतमंद हितग्राहियों को नियमित रूप से पोषण किट उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि पोषण किट का निर्माण स्व सहायता समूहों के माध्यम से कराया जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर महिलाओं को रोजगार के अवसर भी मिल सकें। साथ ही सभी चिन्हित मरीजों की जानकारी को व्यवस्थित रखने के लिए गूगल ड्राइव पर डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाए, जिसमें मरीज का नाम, विवरण तथा पोषण किट प्रदान करते समय की फोटो अपलोड की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित बनी रहे। सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति ने स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित मरीजों की नियमित रूप से 14 दिन के अंतराल में स्वास्थ्य जांच की जाए तथा उसकी रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों के वजन की भी सतत निगरानी की जाए, ताकि पोषण किट का प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा जा सके।
बैठक में बताया गया कि जिले के सोहागपुर, बुढार, जयसिंहनगर, ब्यौहारी और गोहपारू विकासखंडों में बड़ी संख्या में गंभीर कुपोषित बच्चे, एनीमिया पीड़ित महिलाएं तथा टीबी मरीज चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें सीएसआर मद के सहयोग से पोषण सहायता प्रदान की जाएगी।
