राष्ट्रीय ग्रामीण स्वराज अभियान के तहत जिला स्तरीय बालक एवं बालिका वर्ग कबडडी प्रतियोगिता सम्पन्न
Junaid Khan - शहडोल। 11 मार्च 2026- खेलो से खिलाड़ियो में अनुशासन, आपसी समन्वय एवं सहयोग के विकास के साथ ही एकाग्रता भी बढती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा खेलो इंडिया तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव द्वारा खेलो एमपी अभियान के माध्यम से खिलाड़ियो को प्रतिभाओ को निखारने के लिए एवं मंच प्रदान करने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओ के आयोजन के माध्यम से खेलो को बढावा दिया जा रहा है। सभी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करके आकर्षक ईनाम जीतें। यह प्रतियोगिता ग्रामीण अंचलो के खिलाड़ियो को सीखने और आगे बढने का अवसर है। सभी खिलाड़ी हार जीत की चिंता किये बिना अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। यह विचार जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी स्टेडियम में आयोजित एक दिवसीय बालक एवं बालिका वर्ग कबडडी प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि की आसंदी से व्यक्त किये। इसके पूर्व अतिथियो द्वारा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। अतिथियो ने विभिन्न टीमों के खिलाड़ियो से परिचय प्राप्त कर बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाईयां दी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वराज अभियान के तहत मध्यप्रदेश शासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पारंपरिक खेलो को बढावा देने हेतु ग्राम स्तर से लेकर जिला स्तर तक कबडडी प्रतियोगिता का आयोजन बालक एवं बालिका वर्ग में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में 8 टीमें तथा बालिका वर्ग में 4 टीमें भाग ले रही है। प्रतियोगिता नाॅक आउट पद्वति से आयोजित की गई है। विजेता टीम को 21 हजार रूपये उप विजेता टीम को 11 हजार रूपये तथा तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 5100 रूपये का नगद पुरूस्कार एवं ट्राफी एवं प्रमाण पत्र दिएं जाएंगे। पहला मैच बालिका वर्ग में जनपद पंचायत जयसिंहनगर एवं पं. शंभूनाथ शुक्ल विश्व विद्यालय टीमो के मध्य खेला गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुद्रिका सिंह, सहायक संचालक श्री संजय पाण्डेय, जिला खेल अधिकारी स्कूल विभाग श्री रामरूद्र पटेल, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ब्लाक समन्वयक श्री अजय सोंधिया, देवानंद सोंधिया सहित मैच रेफरी, खिलाड़ी एवं बडी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहें।

