गंदगी फैलाने वालों पर ₹2000 की चालानी कार्रवाई, सामुदायिक शौचालय सुधार के सख्त निर्देश
Junaid khan - शहडोल। दिनांक 02 मार्च 2026 स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी द्वारा आज न्यू बस स्टैंड बलपुरवा चौक क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड परिसर के मुख्य द्वार पर अव्यवस्थित रूप से खड़े ठेलों को तत्काल हटवाया गया, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। निरीक्षण के समय परिसर में गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए ₹2000 की चालानी कार्रवाई की गई तथा जुर्माना वसूला गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध निरंतर एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। बस स्टैंड परिसर में निर्मित सामुदायिक शौचालय का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में साफ-सफाई एवं रखरखाव में गंभीर लापरवाही पाई गई। इस पर संबंधित केयरटेकर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए तथा दो दिवस के भीतर साफ-सफाई एवं आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण करने के आदेश दिए गए। इसके अतिरिक्त बस स्टैंड परिसर में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, संपूर्ण परिसर की धुलाई कराने एवं खुली नालियों को कवर से ढकने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बस स्टैंड परिसर स्थित पार्क की जर्जर दीवारों के शीघ्र मरम्मत कार्य हेतु उपयंत्री श्री एस.एस. तोमर को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के नोडल प्रभारी श्री पुनीत त्रिपाठी को निर्देशित किया गया कि शहर की समग्र सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित किया जाए, जिससे नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि नगर की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता और अनुशासन सुनिश्चित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता नोडल पुनीत त्रिपाठी, कार्यालय अधीक्षक मोतीलाल सिंह ,स्वच्छता निरीक्षक अनिल महोबिया, नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं सफाई मित्र मौजूद रहे।

