पिकअप में भरकर आए हमलावर: व्यापारी पर जानलेवा हमला, 20 हजार की लूट

जेब से पैसे छीने, दी जान से मारने की धमकी CCTV में कैद हुई पूरी वारदात



Junaid Khan - शहडोल। संभागीय मुख्यालय के कोतवाली थाना अंतर्गत विचारपुर क्षेत्र में सोमवार की रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दबंगों ने एकजुट होकर एक सब्जी व्यापारी पर खौफनाक हमला बोल दिया। मामूली विवाद से शुरू हुआ यह घटनाक्रम देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। न सिर्फ व्यापारी को बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उसकी जेब से नगदी भी लूट ली गई और जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामूली विवाद से शुरू हुआ खूनी खेल 

मिली जानकारी के अनुसार, चुनिया दादरी मोड़ निवासी गोविंद प्रसाद पटेल सब्जी व्यापार के सिलसिले में ओम ट्रेडर्स पर मूंग खरीदने पहुंचे थे। वहां उन्होंने करीब 20 किलो मूंग खरीदकर भुगतान भी कर दिया, लेकिन इसके बाद विवाद खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि कल्लू पटेल ने पुराने 20 हजार रुपए की मांग शुरू कर दी। गोविंद ने कुछ समय की मोहलत मांगी, लेकिन यह बात कल्लू को नागवार गुजरी और विवाद ने उग्र रूप ले लिया।

पिकअप में भरकर पहुंचे हमलावर, दुकान में घुसते ही बरसाए लात-घूंसे 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ते ही कल्लू पटेल ने अपने बेटे राहुल, आकाश, भाई संदीप और अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया। कुछ ही देर में हमलावर एक पिकअप वाहन में भरकर मौके पर पहुंचे और दुकान में घुसते ही गोविंद पर टूट पड़े। दबंगों ने व्यापारी को घेरकर लात-घूंसे और डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी आंख, गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।

मारपीट के साथ लूट, 20 हजार रुपए छीनकर दी जान से मारने की धमकी

आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान गोविंद की जेब में रखे 20 हजार रुपए भी लूट लिए। इतना ही नहीं, जाते-जाते उसे जान से खत्म करने की धमकी देकर फरार हो गए।

CCTV बना सबसे बड़ा गवाह, बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल 

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि आधा दर्जन से अधिक लोग एक निहत्थे व्यापारी को बेरहमी से पीट रहे हैं। यह फुटेज अब मामले में सबसे बड़ा सबूत बनकर सामने आया है।

बीच-बचाव की कोशिश भी नाकाम 

हमले के दौरान मौके पर मौजूद कर्मचारी भागीरथी बैगा और अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों के सिर पर सवार दबंगई के आगे किसी की नहीं चली।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, कई आरोपी नामजद

घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कल्लू पटेल, राहुल पटेल, आकाश, संदीप, पिंटू और विकास कुशवाहा सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। व्यापारियों में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल है। खुलेआम इस तरह की वारदात ने कानून व्यवस्था और व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सवाल बड़ा है। क्या दबंगई के आगे झुकेगा कानून?

यह घटना सिर्फ एक व्यापारी पर हमला नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम को चुनौती है। सवाल यह है कि क्या ऐसे दबंगों पर सख्त कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?

Previous Post Next Post