पुरानी बस्ती शहडोल में गूंजेगी श्रीहरि की महिमा,28 मार्च से आठ दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन
Junaid Khan - शहडोल। शहर की पुरानी बस्ती स्थित वार्ड क्रमांक 37 एक बार फिर भक्ति और आस्था के रंग में रंगने जा रहा है, जहाँ 28 मार्च 2026 से 04 अप्रैल 2026 तक आठ दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन त्रिभुवन मिश्रा एवं श्रीमती देववती के सानिध्य में संपन्न होगा, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु श्रीहरि की महिमा का श्रवण कर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत होंगे। इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में श्रीधाम वृंदावन से पधार रहे परम पूज्य आचार्य श्री राघव कृष्ण जी महाराज अपनी मधुर एवं ओजस्वी वाणी से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का रसपान कराएंगे। कथा के दौरान श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। आयोजन को लेकर मिश्र परिवार में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम के प्रेषक पुष्पेन्द्र मिश्रा-श्रीमती अनीता, अशोक मिश्रा-श्रीमती जया मिश्रा एवं ज्ञानेन्द्र मिश्रा-श्रीमती पूनम मिश्रा ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार शामिल होने की अपील की है। वहीं परिवार के अंशु, अदित्या, अंशिका, अदिति, हर्षिता, अर्जिता सहित अन्य सदस्यों ने भी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है। कथा का आयोजन प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक पूजन एवं पारायण के साथ प्रारंभ होगा, जबकि दोपहर 3 बजे से हरि इच्छा तक मुख्य कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा के प्रथम दिवस कलश यात्रा एवं भागवत माहात्म्य से शुभारंभ होगा, वहीं क्रमशः परीक्षित जन्म, सृष्टि विस्तार, गजेंद्र मोक्ष, वामन अवतार, राम जन्म और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव जैसे प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। पंचम दिवस पर कृष्ण बाल लीलाओं के साथ गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग, षष्ठम दिवस पर महारास एवं रुक्मणी विवाह, सप्तम दिवस पर सुदामा चरित्र और व्यास पूजन, तथा अंतिम दिवस पर हवन-यज्ञ, ब्राह्मण भोजन एवं विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। पूरे आयोजन स्थल को भव्य रूप से सजाया जा रहा है, जिससे पुरानी बस्ती का वातावरण पूरी तरह से आध्यात्मिकता में सराबोर हो जाएगा। मिश्र परिवार ने जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि इस पुण्य अवसर पर उपस्थित होकर अपने जीवन को धन्य बनाएं। आयोजन से संबंधित जानकारी के लिए,9424370166, 7000852635 एवं 9993450266 पर संपर्क किया जा सकता है।
