मोहन राम तालाब में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’अंतर्गत व्यापक सफाई अभियान संपन्न
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 19 मार्च 2026 नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग एवं कलेक्टर डॉक्टर केदार सिंह के निर्देशानुसार तथा नगर पालिका परिषद शहडोल के अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल एवं उपाध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा (डोली) के मार्गदर्शन में आज मोहन राम तालाब में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत व्यापक सफाई अभियान का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ 19 मार्च से 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में आज प्रातः 8:00 बजे मोहन राम तालाब में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पूजा सामग्री कुंड सहित तालाब परिसर की सामूहिक रूप से साफ-सफाई की गई। अभियान के दौरान नगर के पार्षद श्री विकास तिवारी, पार्षद श्री हीरालाल प्रजापति, पूर्व पार्षद श्री प्रभात पांडे, नगर पालिका के कार्यालय अधीक्षक श्री मोतीलाल सिंह, उपयंत्री श्री एस.एस. तोमर, उपयंत्री श्री पुनीत त्रिपाठी, सिटी मिशन मैनेजर श्री सत्यकाम मिश्रा, स्वच्छता निरीक्षक श्री अनिल महोबिया सहित जनप्रतिनिधियों, पार्षदगण, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वच्छता मित्रों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी सहभागियों ने मिलकर तालाब परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं जल संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने नागरिकों से अपील की कि वे जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित जल उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी के सहयोग एवं सहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

