अवैध रेत उत्खनन पर कार्यवाही, ट्रेक्टर-ट्राली जप्त रेत उत्खनन पर कार्यवाही, ट्रेक्टर-ट्राली जप्त
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 15.03.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बोडरी निवासी विपिन द्विवेदी अपने लाल रंग के महिन्द्रा यूवो टेच प्लस 575 डीआई ट्रेक्टर में नीले रंग की ट्राली लगाकर ग्राम खैरहा के पास महुआ दहा नाला से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर ट्राली में लोड कर रहा है तथा रेत लेकर ग्राम बोडरी की ओर जाने वाला है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम खैरहा द्वारा एवं साक्षियों को साथ लेकर बताये गये स्थान ग्राम खैरहा महुआ दहा नाला पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर ट्रेक्टर चालक ने ट्राली में लोड रेत को हाइड्रोलिक से उठाकर खाली कर दिया तथा ट्रेक्टर लेकर भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस टीम एवं साक्षियों की मदद से रोक लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम विपिन द्विवेदी पिता रामनाथ द्विवेदी उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम बोडरी थाना सिंहपुर जिला शहडोल बताया। वाहन में रेत लोड करने संबंधी दस्तावेज मांगे जाने पर चालक द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। ट्रेक्टर एवं ट्राली पर रजिस्ट्रेशन नंबर भी अंकित नहीं था। प्रथम दृष्टया आरोपी द्वारा महुआ दहा नाला से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर चोरी करना पाए जाने से उसके कब्जे से महिन्द्रा यूवो टेच प्लस 575 डीआई ट्रेक्टर एवं ट्राली को जप्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 08 लाख रुपये है। उक्त कृत्य प्रथम दृष्टया धारा बीएनएस, खान एवं खनिज अधिनियम की धारा तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा के अंतर्गत दण्डनीय पाए जाने से आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। जप्त ट्रेक्टर-ट्राली को थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। सराहनीय भूमिका उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी उप निरीक्षक उमाशंकर चतुर्वेदी के नेतृत्व में, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक संतोष कुमार धुर्वे, आरक्षक सतीश कुमार चौरसिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
