ग्राम पंचायत पचगांव में प्रस्फुटन समितियों का प्रशिक्षण सम्पन्न

ग्राम पंचायत पचगांव में प्रस्फुटन समितियों का प्रशिक्षण सम्पन्न 


Junaid Khan - शहडोल। 15 मार्च 2026- मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जनपद पंचायत सोहागपुर के तत्वावधान में नवांकुर संस्था सर्व मानव उत्थान जन कल्याण समिति शहडोल द्वारा कंचनपुर सेक्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत पचगांव में ग्राम स्तर पर कार्यरत प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों का एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य समितियों के सदस्यों की कार्यक्षमता बढ़ाना, ग्राम विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा परिषद की योजनाओं की जानकारी देना था। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री विवेक पांडेय ने “आओ बनाएं अपना मध्य प्रदेश” अभियान के अंतर्गत 9 विषयों पर किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा अटल जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए जाने वाले कार्यों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि स्वैच्छिकता, सामूहिकता और स्वावलंबन की भावना से सभी को मिलकर कार्य करना होगा। प्रशिक्षण में नवांकुर संस्था से विषय विशेषज्ञ श्री लोकनाथ नामदेव, श्री के.पी. सिंह, परामर्शदाता आकांक्षा तिवारी तथा श्री जयप्रकाश काछी उपस्थित रहे। विकासखंड समन्वयक सोहागपुर श्रीमती प्रिया सिंह बघेल ने प्रशिक्षण के विषयवस्तु पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित प्रतिभागियों को जन अभियान परिषद की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान जयप्रकाश काछी एवं के.पी. सिंह द्वारा विभिन्न विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में परिषद की योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने तथा ग्राम विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नवांकुर सखियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विकासखंड समन्वयक श्रीमती प्रिया सिंह बघेल ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों को एमपीजेएपी ऐप के माध्यम से समितियों की बैठकों, गतिविधियों एवं विभिन्न अभियानों से संबंधित जानकारी को एमआईएस में डाटा फीड करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के पदाधिकारी, परामर्शदाता तथा पचगांव, जोधपुर, दूधी, लालपुर एवं कंचनपुर सहित पांचों ग्रामों की प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव, सदस्य एवं नवांकुर सखियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों द्वारा सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

Previous Post Next Post