शहडोल में ईद-उल-फितर हर्षोल्लास से सम्पन्न,ईदगाहों व मस्जिदों में उमड़ा जनसैलाब
Junaid Khan - शहडोल। 21 फरवरी 2026। जिले भर में ईद-उल-फितर का पावन पर्व पूरे हर्षोल्लास,भाईचारे और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सुन्नत और फर्ज के अनुसार ईद की नमाज अदा कर देश, प्रदेश और जिले में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआएं मांगीं। नमाज के बाद गले मिलकर दी मुबारकबाद। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे शहर में खुशियों का माहौल रहा और जगह-जगह सेवइयों व मिठाइयों के साथ मेहमाननवाजी की गई। रमजान के पूरे महीने रोजा रखने के बाद ईद का त्योहार लोगों के लिए खास खुशी और सुकून लेकर आया। जकात, सदका और फितर से जरूरतमंदों की मदद ईद की नमाज से पहले मुस्लिम समाज के सक्षम लोगों द्वारा गरीब और जरूरतमंदों को जकात, सदका और फितर की राशि वितरित की गई, ताकि हर वर्ग के लोग समान रूप से ईद की खुशियां मना सकें। इस सामाजिक परंपरा ने समाज में समानता और भाईचारे का संदेश दिया। 400 रमजान किट और 200 लोगों को ईद गिफ्ट इस अवसर पर शहडोल मुस्लिम संघ द्वारा सराहनीय पहल करते हुए लगभग 400 जरूरतमंद परिवारों को रमजान किट वितरित किए गए। इसके अलावा करीब 200 लोगों को नगद राशि के रूप में ईद गिफ्ट प्रदान किया गया, जिससे उनकी ईद की खुशियों में इजाफा हुआ। समाज के प्रमुख लोग रहे मौजूद ईद के इस पावन अवसर पर नेशनल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी शहडोल के अध्यक्ष शान उल्ला खान, अंजुमन कमेटी सोहागपुर के सरपरस्त हाजी हमीदुल्ला खान, सफी उल्ला खान, समाजसेवी सूफियान खान, जिला हज कमेटी के अध्यक्ष सैयद जियाउल इस्लाम, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शकील अहमद, जामा मस्जिद के सदर महमूद अहमद, नूरी मस्जिद के सदर हाजी इकबाल खान, तालीमुल इस्लाम मस्जिद मदरसा के सदर हाजी शोएब फारूकी, हाजी जकरिया फारूकी, हाजी अब्दुल्ला, हाजी दिलशाद, इकरा मस्जिद के सदर तारिक सफी, हाजी इसरार, असलम सिद्दीकी, समाजसेवी बाबू खान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रशासन के प्रति जताया आभार मुस्लिम समाज द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर डॉ. केदार सिंह, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, उप पुलिस अधीक्षक, नगर पालिका प्रशासन सहित सभी अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके सहयोग से त्योहार शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ। भाईचारे और इंसानियत का दिया संदेश नेशनल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष शान उल्ला खान ने सभी जिलेवासियों को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि ईद का पर्व हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और इंसानियत की राह पर चलने का संदेश देता है। उन्होंने सभी से समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

