कमिश्नर ने ग्राम पंचायत करुआ में आयोजित “संकल्प से समाधान” शिविर में सुनी लोगों की समस्याएं

कमिश्नर ने आंगनवाड़ी केंद्र में मध्यान्ह भोजन वितरण कार्य का लिया जायजा



Junaid Khan - शहडोल। 12 मार्च 2026 कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने जनपद पंचायत गोहपारू के ग्राम पंचायत करुआ, असवारी एवं हर्रहाटोला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत करुआ में आयोजित “संकल्प से समाधान” शिविर का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने शिविर में आए लोगों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके पश्चात कमिश्नर ने ग्राम पंचायत असवारी में “सम्पूर्णता अभियान 2.0” के अंतर्गत संचालित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को वितरित किए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया तथा बच्चों से भोजन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों में निर्धारित मीनू के अनुसार मध्यान्ह भोजन का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आंगनवाड़ी से संबंधित विभिन्न सूचकांकों की प्रगति की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कमिश्नर ने आंगनवाड़ी केन्द्र में दर्ज गर्भवती माताओं की एएनसी जांच, उन्हें दिए जा रहे टेक होम राशन वितरण की जानकारी, बच्चों एवं गर्भवती माताओं के टीकाकरण की जानकारी प्राप्त की। केन्द्र में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, बच्चों के कुपोषण की पहचान हेतु वजन एवं लम्बाई की माप, पंजी का संधारण तथा बच्चों की उपस्थिति की जानकारी लेते हुए केन्द्र में शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से गर्भवती माताओं से संपर्क में रहें तथा सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कराने हेतु क्रिटिकल गर्भवती मताओं को समय रहते संस्थागत प्रसव हेतु प्रेरित करें।

कमिश्नर ने ग्राम पंचायत हर्रहाटोला में खेत-तालाब, जल निगम से संबंधित कार्यों तथा वहां स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता के साथ प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं के कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी जयसिंहनगर सुश्री काजोल सिंह तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गोहपारू श्री सुधीर कुमार दिनकर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post