सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस की अनोखी पहल,वाहन चालकों को मिला निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण और चश्मा

सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस की अनोखी पहल,वाहन चालकों को मिला निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण और चश्मा



Junaid Khan - शहडोल। सँभाग के जिले अनुपपुर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था और वाहन चालकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री मोती उर रहमान (IPS) की अभिनव पहल पर थाना यातायात परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वाहन चालकों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। शिविर के दौरान 150 से अधिक वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण, ब्लड प्रेशर (BP) एवं शुगर जांच की गई। परीक्षण में जिन चालकों की नजर कमजोर पाई गई, उन्हें पुलिस अधीक्षक के हाथों मौके पर ही निःशुल्क नजर का चश्मा प्रदान किया गया। चश्मा पाकर वाहन चालकों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 35 वाहन चालकों को मौके पर नजर का चश्मा दिया गया, 2 वाहन चालकों को कलर ब्लाइंडनेस की शिकायत पाई गई , 26 वाहन चालक शुगर मरीज एवं 16 ब्लड प्रेशर से ग्रसित पाए गए इस अवसर पर अनूपपुर पुलिस अधीक्षक ने कहा की सड़क सुरक्षा केवल नियमों के पालन से ही नहीं, बल्कि वाहन चालकों के अच्छे स्वास्थ्य से भी जुड़ी हुई है। कई बार कमजोर दृष्टि के कारण भी सड़क दुर्घटनाएं हो जाती हैं, इसलिए इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से वाहन चालकों के स्वास्थ्य की नियमित जांच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन का भी आग्रह किया। शिविर के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा दुर्घटनाओं से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया। यह पहल न केवल वाहन चालकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध हुई, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति पुलिस प्रशासन की संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना को भी दर्शाती है। इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी अनूपपुर श्री सुरेंद्र गौतम, कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद जैन, थाना प्रभारी यातायात विनोद दुबे, जिला चिकित्सालय अनूपपुर टीम एवं पत्रकार बंधु आदि उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post