धूमधाम से मनाया जा रहा झूलेलाल जन्मोत्सव,प्रभात फेरी में उमड़ा सिंधी समाज का उत्साह

धूमधाम से मनाया जा रहा झूलेलाल जन्मोत्सव,प्रभात फेरी में उमड़ा सिंधी समाज का उत्साह 


Junaid Khan - शहडोल। झूलेलाल जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शनिवार को शहडोल में सिंधी समाज द्वारा भक्ति और उल्लास के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। इस अवसर पर 14 मार्च की सुबह लगभग 05 बजे झूलेलाल मंदिर से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें सिंधी समाज के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और भगवान झूलेलाल के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। प्रभात फेरी झूलेलाल मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में समाप्त हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान झूलेलाल के भजन-कीर्तन करते हुए नगरवासियों को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। प्रभात फेरी में समाज के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। झूलेलाल मंदिर के अध्यक्ष चंदन बहरानी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी झूलेलाल जन्मोत्सव को भव्य और श्रद्धापूर्ण ढंग से मनाने की तैयारी की गई है। जन्मोत्सव के अवसर पर कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भजन-कीर्तन, आरती, प्रसाद वितरण और सामाजिक कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज के लिए भगवान झूलेलाल का जन्मोत्सव आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे समाज के लोग हर साल पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाते हैं। इस वर्ष भी समाज के सभी लोगों के सहयोग से यह पर्व भव्य रूप से मनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे शहर में धार्मिक माहौल बना रहा। सिंधी समाज के सदस्यों ने सभी नगरवासियों को झूलेलाल जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

Previous Post Next Post