दिनदहाड़े महिला से मंगलसूत्र लूट,मुंह पर कपड़ा बांधकर आए बदमाश ने वारदात को दिया अंजाम
Junaid Khan - शहडोल। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीनने की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। जानकारी के अनुसार पुरानी बस्ती स्थित नूरी मस्जिद के पास पानी टंकी के समीप रहने वाली 55 वर्षीय आशा यादव बुधवार शाम करीब 5 बजे अपने घर के पास बकरी चरा रही थीं। इसी दौरान स्टेशन की ओर से मुंह पर कपड़ा बांधे एक अज्ञात युवक अचानक वहां पहुंचा और पीछे से झपट्टा मारकर महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती उससे पहले ही बदमाश मौके से भाग निकला। अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गई और जोर-जोर से शोर मचाने लगी। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाश का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी तेज़ी से भागने में सफल रहा। घटना के बाद पीड़ित महिला आशा यादव कोतवाली थाने पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि छीना गया मंगलसूत्र लगभग एक तोला सोने का था, जिसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी राघवेन्द्र तिवारी ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, ऐसे में पुलिस को गश्त बढ़ाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करना चाहिए।
