जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जनजागरूकता, स्वच्छता एवं संरक्षण का संदेश

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जनजागरूकता, स्वच्छता एवं संरक्षण का संदेश



Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 23 मार्च 2026 नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत नगर के समस्त जल स्रोतों के संरक्षण, संवर्धन एवं स्वच्छता के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान दिनांक 19 मार्च से 30 जून 2026 तक निरंतर चलाया जाएगा, जिसमें जनभागीदारी को प्रमुखता दी जा रही है। अभियान के अंतर्गत नगर के विभिन्न तालाबों एवं जल स्रोतों के किनारे व्यापक स्वच्छता गतिविधियाँ एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में घरौला तालाब परिसर में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों, स्वच्छता मित्रों एवं स्वयंसेवकों द्वारा श्रमदान कर स्वच्छता कार्य संपन्न किया गया। कार्यक्रम के दौरान बैनर, जनसंपर्क एवं संवाद के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि आइए, मिलकर अपने जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखें। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जल स्रोतों में कचरा न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों में जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी, सहभागिता एवं स्थायी जागरूकता विकसित करना भी है। नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा सभी नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेकर स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल शहर के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक श्री मोतीलाल सिंह, उप यंत्री श्री सुखेंद्र सिंह तोमर, स्वास्थ्य निरीक्षक श्री अनिल महोबिया सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता मित्र एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post