आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी गिरफ्तार
Junaid Khan - शहडोल। थाना जयसिंहनगर क्षेत्र अंतर्गत मर्ग धारा बीएनएसएस के तहत मृतिका शिवानी उर्फ अनामिका शुक्ला (उम्र 22 वर्ष) निवासी जयसिंहनगर की संदिग्ध मृत्यु के मामले में पुलिस द्वारा गंभीरता से जांच की गई। दिनांक 15.07.2024 को मृतिका द्वारा अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना प्राप्त होने पर थाना जयसिंहनगर में मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस द्वारा मौके का निरीक्षण, शव पंचनामा कार्यवाही एवं पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। मृतिका का मोबाइल फोन जप्त कर सायबर फॉरेंसिक जोन शहडोल से जांच कराई गई। विवेचना के दौरान मृतिका के परिजनों के कथन, मोबाइल कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट, इंस्टाग्राम चैट एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि नीलमणि उपाध्याय उर्फ संजू (उम्र 27 वर्ष) निवासी खड्डा थाना ब्यौहारी द्वारा मृतिका को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना दिनांक को आरोपी द्वारा व्हाट्सएप चैट एवं कॉल के माध्यम से मृतिका को आत्महत्या के लिए उकसाने संबंधी संदेश दिए गए, जिससे आहत होकर मृतिका ने आत्महत्या कर ली। सायबर फॉरेंसिक रिपोर्ट में मोबाइल से प्राप्त चैट, फोटो, वीडियो एवं कॉल लॉग से आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि हुई। संपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। उक्त प्रकरण में विवेचना कार्यवाही के दौरान दिनांक 25.03.2026 को आरोपी नीलमणि उपाध्याय उर्फ संजू (उम्र 27 वर्ष) निवासी खड्डा थाना ब्यौहारी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। सराहनीय भूमिका उक्त कार्यवाही में निरीक्षक अजय कुमार बैगा थाना प्रभारी जयसिंहनगर के नेतृत्व में, सउनि. अनिल गौत्तम, प्रआर. बांके सिंह, आर. सुमित गुर्जर, आर. नीरज शुक्ला, म.आर. खुशबू लोधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
