बड़ी सफलता: दो थानों की तत्परता से दो नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद

जयसिंहनगर और गोहपारु पुलिस की संयुक्त सक्रियता, अलग-अलग मामलों में 16 वर्षीय बालिकाओं को सुरक्षित घर पहुंचाया 


Junaid Khan - शहडोल। जिले में पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहां थाना जयसिंहनगर और थाना गोहपार पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में अपहृत नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। पहला मामला थाना जयसिंहनगर क्षेत्र का है, जहां 01 मार्च 2026 को फरियादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री 28 फरवरी 2026 को बिना बताए घर से कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारी में तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। फरियादी ने आशंका जताई कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर उसे भगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने सक्रियता और तत्परता दिखाते हुए बालिका को जिला मुंगेली के ग्राम सिनरदे (थाना रामपुर) से 18 मार्च 2026 को सुरक्षित बरामद कर लिया। वहीं दूसरा मामला थाना गोहपार क्षेत्र का है, जहां 18 मार्च 2026 को दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि 16 वर्षीय बालिका 16 मार्च 2026 को घर से बिना बताए लापता हो गई थी। परिजनों की तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर अपहरण की आशंका जताई गई। पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। तेजी से कार्रवाई करते हुए गोहपार पुलिस ने बालिका को बेल्ली बस स्टैंड, जिला शहडोल से 18 मार्च 2026 को सकुशल बरामद कर लिया। सराहनीय भूमिका। इन दोनों मामलों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। जयसिंहनगर थाना में निरीक्षक अजय कुमार बैगा के नेतृत्व में सउनि. एहसान खान और आरक्षक उदय सिंह की सक्रिय भागीदारी रही। गोहपारु थाना में थाना प्रभारी सउनि. भागचंद्र चौधरी के नेतृत्व में सउनि. देवेंद्र सिंह, आरक्षक प्रदीप बरकड़े एवं म.आर. वर्षा सिंह ने महत्वपूर्ण योगदान दिएक। संदेश साफ: पुलिस की सजगता से बढ़ा भरोसा इन घटनाओं ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि शहडोल पुलिस संवेदनशील मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने में सक्षम है। नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सजगता और समर्पण से आमजन में भरोसा और मजबूत हुआ है।

Previous Post Next Post