मुस्लिम रत्न से सम्मानित हुए समाज के प्रमुख चेहरे, हज यात्रियों को दी गई विशेष ट्रेनिंग
Junaid Khan - शहडोल। पाली रोड स्थित एस.एन. पैलेस में आयोजित भव्य कार्यक्रम में समाज सेवा, शिक्षा और धार्मिक नेतृत्व में योगदान देने वाले कई प्रमुख लोगों को “मुस्लिम रत्न” सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम का आयोजन नेशनल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी शहडोल द्वारा किया गया, जिसमें संभाग से हज यात्रा पर जाने वाले 145 जायरीनों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया करीब 05 घंटे तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हज यात्रा की प्रक्रिया, नियम, सावधानियों और व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित हज यात्रियों ने प्रशिक्षण को बेहद उपयोगी बताया।
इस अवसर पर सोसाइटी के अध्यक्ष शान उल्ला खान द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को “मुस्लिम रत्न” सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित होने वालों में हज कमेटी के अध्यक्ष जनाब जियाउल इस्लाम, मध्य प्रदेश हज कमेटी के ट्रेनर हाजी डॉ. सादिक खान (प्रोफेसर, पॉलिटेक्निक कॉलेज शहडोल), हज कमेटी के सरपरस्त हाजी सरवर अली, जिला उपाध्यक्ष शाकिब अली तथा जिला वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शकील अहमद शामिल रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रिटायर्ड मुख्य वन संरक्षक हाजी फतेह उल्ला खान उपस्थित रहे। इसके साथ ही शहर काजी साहब, पेश इमाम शमीम साहब सहित समाज के सैकड़ों लोग और हज यात्रा पर जाने वाले सभी 145 जायरीन मौजूद रहे। अपने संबोधन में शान उल्ला खान ने कहा कि नेशनल मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी का उद्देश्य समाज को शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे समाज की तरक्की के लिए समर्पित होकर कार्य करें, ताकि शासन की हर योजना का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी अप्रैल माह में मेधावी छात्र-छात्राओं को “मुस्लिम रत्न” अवॉर्ड से सम्मानित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन जियाउल इस्लाम द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सोसाइटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

