नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का शहडोल आगमन,रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में हुआ जोरदार अभिनंदन, सर्किट हाउस में पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक चर्चा



Junaid Khan - शहडोल। मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के शहडोल आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रविवार को उनके शहडोल रेलवे स्टेशन पहुंचने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं और नारेबाजी के साथ नेता प्रतिपक्ष का अभिनंदन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का दिनांक 08 मार्च 2026 को रात 9 बजे शहडोल स्थित सर्किट हाउस में आगमन हुआ, जहां उन्होंने जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक रणनीति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहने का मार्गदर्शन दिया। बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश में बढ़ती जनसमस्याओं, बेरोजगारी, महंगाई तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की भूमिका को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को गंभीरता से उठाएं और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का कार्य करें। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष का शहडोल आगमन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर शहडोल जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने तथा आगामी समय में कांग्रेस को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

Previous Post Next Post