जयसिंहनगर एवं ब्यौहारी विधानसभा की समीक्षात्मक बैठक संपन्न हुई
Junaid Khan - शहडोल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी डॉ. चंदन यादव तथा शहडोल संगठन प्रभारी एवं विधायक नारायण पट्टा के मुख्य आतिथ्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी की अध्यक्षता में जयसिंहनगर एवं ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोहागपुर, जयसिंहनगर, गोहपारु, सिंहपुर, ब्यौहारी, बाणसागर, पपौध, अमझोर एवं करकी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठक तथा वार्ड एवं पंचायत कांग्रेस कमेटियों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, वार्ड एवं पंचायत कांग्रेस कमेटियों की सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए क्षेत्रवार समीक्षा की गई तथा कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रियता के साथ जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर डॉ. चंदन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनता की आवाज को मजबूती से उठाने वाली पार्टी रही है। आज आवश्यकता है कि कार्यकर्ता गांव-गांव, वार्ड-वार्ड तक पहुंचकर आम जनता की समस्याओं को सुनें और उन्हें पार्टी मंच के माध्यम से प्रभावी तरीके से उठाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही आने वाले समय में कांग्रेस की जीत की आधारशिला बनेगी, इसलिए हर कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ सक्रिय रहना होगा। वहीं विधायक नारायण पट्टा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं। जब कार्यकर्ता संगठित होकर जनता के बीच काम करते हैं, तब पार्टी को जनसमर्थन स्वतः प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं जैसे रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाए और जनता के बीच कांग्रेस की सकारात्मक भूमिका को मजबूत किया जाए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी ब्लॉक अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाएं और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। बैठक के दौरान सभी ब्लॉकों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति और जनसमस्याओं से अवगत कराया। साथ ही संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सुझाव भी दिए गए। बैठक में बड़ी संख्या में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष,मंडलम अध्यक्ष, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में संगठन को मजबूती देने तथा जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लेते हुए बैठक का समापन किया गया। उक्त जानकारी जिला काँग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने प्रदान की।

