उत्पादक समूहों की प्रगति की समीक्षा,सशक्त हो रहीं ग्रामीण महिला उद्यमी
Junaid Khan - शहडोल। 12 मार्च 2026 म.प्र. दीनदयाल अंत्योदय योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिले में संचालित उत्पादक समूहों की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले के 186 उत्पादक समूहों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में 9 एवं 10 मार्च 2026 को विकासखंड सोहागपुर में आयोजित गतिविधियों की जानकारी साझा की गई। समीक्षा के दौरान समूहों द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों पर चर्चा की गई तथा उनके अनुभव भी साझा किए गए। समूहों द्वारा धान, मक्का, कोदो, गेहूं, दलहन, सोयाबीन और मड़ुआ जैसे उत्पादों की बड़े पैमाने पर खरीद और विक्रय की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में यह भी बताया गया कि समूहों के माध्यम से बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने से सदस्यों को अपने उत्पाद का उचित मूल्य मिल रहा है तथा वजन और परिवहन व्यय में भी बचत हो रही है। इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है और वे सशक्त उद्यमी के रूप में उभर रही हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रजापति ने उपस्थित आजीविका मिशन के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उत्पादक समूहों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विकासखंड से 2दृ2 प्रमुख उत्पादों का चयन कर उन पर कार्य कर रहे समूहों की विस्तृत मैपिंग की जाए। साथ ही समूहों को बेहतर प्रबंधन, प्रसंस्करण और विपणन के लिए विशेष प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी आय में और अधिक वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।
