सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण-विधायक श्रीमती मनीषा सिंह

पत्र सूचना कार्यालय की ओर से शहडोल में मीडिया वार्तालाप आयोजित 




Junaid Khan - शहडोल। 07 मार्च 2026 को वार्ता में बताया गया कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है। सरकार की विभिन्न योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने और जनता की भावनाओं को सरकार तक पहुँचाने में उसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। विकास का कोई भी स्वप्न मीडिया के सहयोग के बिना पूरा होना संभव नहीं है। यह विचार विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने व्यक्त किए। वे पत्र सूचना कार्यालय, भोपाल, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा शहडोल में आयोजित मीडिया वार्तालाप कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रही थीं। इस अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय, भोपाल के निदेशक श्री मनीष गौतम, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह आदि उपस्थित थे। श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि देश की दशा और दिशा बदलने के लिए प्रधानमंत्री दिन-रात काम कर रहे हैं। हम सबका यह कर्तव्य है कि हम उनके कंधे से कंधा मिलाकर राष्ट्र के विकास में योगदान दें। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में बड़े पैमाने पर गाँवों की तस्वीर बदली है। गाँव से शहर तक सड़कों का जाल सुदृढ़ होने से अब ग्रामीण उत्पादों का शहरों के मार्केट तक पहुँचना आसान हो गया है। इससे गाँवों के विकास में सहायता मिली है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से इस कृषि प्रधान देश में कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के प्रारंभ में मीडिया वार्तालाप के उद्देश्य को विशद करते हुए निदेशक श्री मनीष गौतम ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच सार्थक संवाद से जनकल्याणकारी योजनाएं आम जनता तक पहुँचना आसान हो जाता है। मीडिया सरकार और जनता के बीच सेतु का काम करती है। प्रशासन और मीडिया के बीच संवाद को बढ़ावा देने और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पत्रकारों को सीधे देने के उद्देश्य से पत्र सूचना कार्यालय द्वारा समय-समय पर विभिन्न जिलों में इस तरह के वार्तालाप कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह ने कहा कि देश को अपनी बढ़ती आबादी के अनुरूप अन्न, वस्त्र और आवास की व्यवस्था को सशक्त करने की जरूरत है। मीडिया के सकारात्मक सुझाव सरकार के कामकाज को पारदर्शी बनाने में सहयोगी सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम में कृषि विभाग के प्रभारी उपसंचालक श्री अनुराग पटेल ने कृषि विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओँ की विस्तार से जानकारी दी। विभाग के वैज्ञानिक श्री बृजकिशोर प्रजापति ने विभिन्न फसलों की उन्नत प्रजातियों के विकास के लिए तथा मौसम से सम्बन्धित अपडेट्स के समय पर किसानों तक पहुँचाने के लिए किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. शुक्ला ने आयुष्मान भारत सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओँ की जानकारी दी। लीड बैंक मैनेजर श्री अमित चौरसिया ने पीएम विश्वकर्मा, मुद्रा लोन, जनधन योजना सहित स्वसहायता समूहों के लिए चलाई जा रही वित्तीय योजनाओँ की जानकारी दी। जनजातीय कल्याण विभाग के बीईओ श्री एस.पी.एस. चंदेल ने जनजातीय छात्र-छात्राओं के लिए विभाग द्वारा चलाये जा रहे छात्रावासों और एकलव्य स्कूलों सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर पत्रकारों की ओर से श्री दिनेश अग्रवाल, श्री गोपालदास बंसल, श्री अजय जायस्वाल आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक पराग मांदले ने किया।

Previous Post Next Post