बातचीत में एक लाख के लेनदेन और विवेचना को कमजोर करने की बात,चोरी के मामले में जांच पर उठे सवाल
Junaid Khan - शहडोल। सँभाग के जिले अनुपपुर के थाना कोतमा में भालूमाड़ा थाना भालूमाड़ा अंतर्गत बदरा स्थित एक पेट्रोल पंप संचालक के सूने घर में 19 जनवरी की रात हुई बड़ी चोरी के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस प्रकरण में जांच कर रहे सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) का लगभग 08 मिनट का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल ऑडियो में कथित रूप से दो आरक्षकों द्वारा एक लाख रुपये लेकर स्थानीय संदेही को छोड़ने तथा मामले की विवेचना को कमजोर करने जैसी बातें सामने आ रही हैं। ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोतीउर रहमान ने संबंधित एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही वायरल ऑडियो की सत्यता और पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। दरअसल, 19 जनवरी की रात बदरा क्षेत्र में पेट्रोल पंप संचालक संग्राम सिंह के घर में चोरों ने धावा बोल दिया था। बताया जाता है कि चोर लग्जरी कार से आए थे और घर में रखे सोने-चांदी के गहने, पूजा की सामग्री तथा नगदी सहित करीब 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी कर ले गए थे।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर चोरों की तलाश शुरू की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ के सीतापुर थाना क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हालांकि पीड़ित का आरोप है कि अब तक लगभग 50 लाख रुपये की चोरी में से केवल करीब 9 लाख रुपये के गहने ही बरामद किए गए हैं, जबकि मामले में स्थानीय स्तर पर संदेहियों को बिना ठोस कार्रवाई के छोड़ दिया गया। इसी बीच शुक्रवार रात पीड़ित और मामले की विवेचना कर रहे अधिकारी के बीच हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हो गया। वायरल ऑडियो में कथित रूप से वाहन मालिक को बचाने के लिए एक लाख रुपये के लेनदेन का जिक्र किया गया है, जिससे पूरे मामले की जांच पर सवाल खड़े हो गए हैं। एसपी ने की त्वरित कार्रवाई मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोतीउर रहमान ने विवेचना में लापरवाही के आरोप में संबंधित सहायक उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि वायरल ऑडियो की भी जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक का बयान
विवेचना में लापरवाही पाए जाने पर सहायक उपनिरीक्षक को निलंबित किया गया है। वायरल ऑडियो की भी जांच कराई जा रही है,जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
मोतीउर रहमान,पुलिस अधीक्षक जिला अनूपपुर सँभाग शहडोल
