ग्राम कुदरी में घर-घर जाकर मकान गणना का दिया गया लाइव डेमो
Junaid Khan - शहडोल। 30 मार्च 2026- भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले में नियुक्त फील्ड ट्रेनरों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शासकीय रघुराज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहडोल में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना 2027 के तहत किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें जनगणना प्रक्रिया, स्व-गणना, वेब पोर्टल के उपयोग, स्व-गणना सत्यापन सहित कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री सरोधन सिंह के मार्गदर्शन में ग्राम कुदरी में मकान गणना का लाइव डेमो दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान राज्य स्तर से आए प्रशिक्षकों गिरीश शुक्ला, श्री तलवार एवं जिला मास्टर ट्रेनर की उपस्थिति में फील्ड ट्रेनरों को प्रगणक एवं सुपरवाइजर की भूमिका के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया। ग्राम कुदरी में 1600 भवन हैं जिन्हें 2 एलएचबी में बंाट कर सुपरवाईजर एवं प्रगणकों की टीम ने घर-घर जाकर मोबाईल एप के माध्यम से जानकारी का संकलन किया गया। इस कार्य हेतु 08 टीमों का गठन किया गया था। ये टीम प्रत्येक घर में पहुंचकर मुखिया से मकान गणना हेतु निर्धारित 34 बिन्दुओं जिसमें आवास से संबंधित जानकारी आवास में सुविधाओं की जानकारी पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था, टीव्ही, रेडियो, वाहन, इंटरने, मोबाईल के उपयोग, भोजन में उपयोग किए जाने वाले अनाज आदि से संबंधित जानकारियां शामिल थीं। दलों द्वारा एनसीसी आॅफिस कार्यालय, आवासीय परिसर की जानकारी में ममता गुप्ता के परिवार तथा 01 ही भवन में कई मकान जिसमें अलग- अलग लोग रहते हैं की जानकारी संकलित की गई। संग्रहित जानकारी को एचबीएफ के माध्यम से आॅनलाइन डिजिटल रूप में दर्ज किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से मास्टर ट्रेनर्स को फील्ड में कार्य करने की वास्तविक प्रक्रिया से अवगत कराया गया। जिससे आगामी जनगणना कार्य को अधिक प्रभावी पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से सम्पन्न किया जा सके। जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है। इससे संकलित किया गया डाटा पूर्णतः सुरक्षित एवं गोपनीय रहेंगे। डाटा संग्रहण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं विश्वसनीय बनाने के लिए जनगणना कार्य में लगे मास्टर ट्रेनर्स को लाइव डेमो प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि जब प्रगणक उनके घर आएं, तो वे जनगणना से संबंधित सही एवं सटीक जानकारी प्रदान करें।
