रेल आरक्षण काउंटर की एक खिड़की बंद, यात्रियों को झेलनी पड़ रही लंबी लाइन और परेशानी
Junaid Khan - शहडोल। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए आरक्षण काउंटर इन दिनों खुद यात्रियों की परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। स्टेशन पर मौजूद दो आरक्षण खिड़कियों में से एक लंबे समय से बंद है, जिसके चलते टिकट लेने आने वाले यात्रियों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को इससे सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि पहले दोनों खिड़कियों से टिकट जारी होते थे, जिससे भीड़ जल्दी नियंत्रित हो जाती थी। लेकिन अब एक ही खिड़की के भरोसे पूरा काम चल रहा है। इसके कारण कई बार लोगों को आधे-एक घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। स्टेशन पर टिकट लेने पहुंचे यात्री सतीश चौहान ने बताया कि टिकट लेने के लिए काफी देर से लाइन में खड़े हैं, लेकिन भीड़ ज्यादा होने के कारण नंबर आने में काफी समय लग रहा है। उनका कहना है कि यदि दूसरी खिड़की भी चालू कर दी जाए तो यात्रियों को राहत मिल सकती है। इसी तरह राकेश बर्मन का कहना है कि टिकट लेने में काफी समय लग जाता है। अगर दोनों खिड़कियां खुली रहें तो यात्रियों का समय बचेगा और भीड़ भी कम होगी। वहीं संजय सोनी ने बताया कि पहले कुछ समय तक दूसरी खिड़की भी संचालित होती थी, लेकिन अब उसे पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जिससे परेशानी बढ़ गई है। यात्रियों का यह भी कहना है कि रेलवे डिजिटल टिकट बुकिंग को बढ़ावा दे रहा है, लेकिन हर यात्री के पास स्मार्टफोन या ऑनलाइन भुगतान की सुविधा नहीं होती। गांवों से आने वाले कई लोग डिजिटल भुगतान नहीं कर पाते, ऐसे में उन्हें काउंटर से ही टिकट लेना पड़ता है। दूसरी ओर रेलवे के वाणिज्य निरीक्षक राजेश सिन्हा का कहना है कि वर्तमान समय में अधिकांश यात्री ऑनलाइन माध्यम से टिकट बुक कर लेते हैं, इसलिए एक ही खिड़की से काम चलाया जा रहा है। उनका कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। फिलहाल स्टेशन पर टिकट लेने आने वाले यात्रियों को लंबी कतार और इंतजार की परेशानी झेलनी पड़ रही है। यात्रियों का मानना है कि यदि दूसरी आरक्षण खिड़की फिर से शुरू कर दी जाए तो व्यवस्था पहले की तरह सुचारू हो सकती।
