दस्तावेजों के साथ जल्द बड़े खुलासे का दावा,जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की होगी जांच की मांग
Junaid Khan - शहडोल। जिले में हाल ही में आंगनवाड़ी केंद्रों में हुई नई भर्तियों तथा सेवानिवृत्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के स्थान पर सहायिकाओं को नियुक्त किए जाने के मामलों को लेकर आम आदमी पार्टी ने गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि इन नियुक्तियों में नियमों की अनदेखी की गई है और कई जगहों पर प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से नहीं अपनाई गई, जिससे अनियमितताओं की आशंका बढ़ गई है। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इन शिकायतों में यह आरोप लगाया गया है कि पात्र अभ्यर्थियों को नजरअंदाज कर अपात्र लोगों को प्राथमिकता देते हुए नियुक्तियां की गई हैं। कई मामलों में चयन प्रक्रिया को दरकिनार करने और निर्धारित मापदंडों का पालन न करने की बातें भी सामने आ रही हैं। पार्टी का कहना है कि यदि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हो सकती हैं। आम आदमी पार्टी ने संकेत दिया है कि वह इस पूरे मामले से जुड़े दस्तावेज एकत्र कर रही है और जल्द ही प्रमाणों के साथ बड़ा खुलासा किया जाएगा। पार्टी पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि जांच में अधिकारियों की मिलीभगत सामने आती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की भी मांग की गई है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यरत कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका समाज में बेहद महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि वे महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य तथा शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों को जमीन पर लागू करती हैं। ऐसे में नियुक्ति प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पूरे तंत्र की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करती है। पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि पात्र अभ्यर्थियों के साथ न्याय हो सके और भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके। अनूप शर्मा प्रदेश मीडिया विभाग आम आदमी पार्टी शहडोल जोन प्रभारी।
