लगातार दूसरे दिन चला व्यापक स्वच्छता अभियान

लगातार दूसरे दिन चला व्यापक स्वच्छता अभियान



Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 30 मार्च 2026 नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने हेतु निरंतर विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में लल्लू सिंह चौराहा से न्यू बस स्टैंड तक मुख्य मार्ग पर लगातार दूसरे दिन भी सघन सफाई अभियान चलाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रातः 9:00 बजे से न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में सफाई कार्य प्रारंभ किया गया। अभियान के दौरान अटल पथ रोड के दोनों ओर स्वच्छता मित्रों द्वारा झाड़ू लगाकर धूल एवं मिट्टी को हटाया गया। साथ ही जेसीबी मशीन की सहायता से कचरे का संकलन कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित किया गया। मार्ग किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कर मलबे को व्यवस्थित रूप से डंप कराया गया, जिससे मार्ग साफ एवं सुव्यवस्थित दिखाई दिया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा लगभग 3 घंटे तक स्थल पर रहकर कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की गई। इस दौरान उन्होंने संबंधित जोन प्रभारियों को निर्देशित किया कि नगर के सभी वार्डों एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना नगर पालिका के साथ-साथ नागरिकों की भी साझा जिम्मेदारी है। अतः सभी नागरिक अपने घरों का कचरा निर्धारित कचरा वाहन में ही डालें तथा दुकानदार अनिवार्य रूप से डस्टबिन का उपयोग करें। इस अभियान में स्वच्छता नोडल अधिकारी श्री पुनीत त्रिपाठी, स्वास्थ्य निरीक्षक श्री अनिल महोबिया, श्री महेश साहू, नगर पालिका के जोन प्रभारी एवं स्वच्छता मित्रों की सक्रिय सहभागिता रही।

Previous Post Next Post