एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर फैली अफवाह, आम आदमी पार्टी ने किया खंडन

AAP बोली शहडोल नगर पालिका में हमारे किसी भी कार्यकर्ता की नियुक्ति नहीं, केवल आधिकारिक जानकारी पर करें भरोसा 


Junaid khan - शहडोल। नगर पालिका शहडोल में एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं और कयास लगाए जा रहे हैं। विशेष रूप से यह खबर तेजी से वायरल हो रही है कि आम आदमी पार्टी (AAP) के एक पुराने प्रत्याशी को एल्डरमैन के पद पर नियुक्त किया गया है। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट और सख्त रुख अपनाते हुए इन दावों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया है। आम आदमी पार्टी के शहडोल जोन प्रभारी एवं मध्य प्रदेश मीडिया विभाग के प्रतिनिधि अनूप शर्मा ने बयान जारी करते हुए कहा कि पार्टी के संज्ञान में ऐसी कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं है, जिसमें उनके किसी भी कार्यकर्ता या पूर्व प्रत्याशी को एल्डरमैन पद पर नियुक्त किया गया हो। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह खबर पूरी तरह अफवाह है, जिसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। अनूप शर्मा ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट हैं तथा संगठन की नीतियों और नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी में किसी भी नियुक्ति या निर्णय की जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही जारी की जाती है, इसलिए सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों पर विश्वास करना उचित नहीं है। उन्होंने आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों, अफवाहों या अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न दें और केवल पार्टी के अधिकृत बयान व घोषणाओं को ही सही मानें। पार्टी ने यह भी संकेत दिया है कि इस तरह की अफवाहें संगठन की छवि को प्रभावित करने और भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने के उद्देश्य से फैलाई जा सकती हैं, इसलिए सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

Previous Post Next Post