शहडोल जिला न्यायालय में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मौजूदगी में हुई विस्तृत बहस, 08 अप्रैल को आ सकता है फैसला
Junaid Khan - शहडोल। जिले के बहुचर्चित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रकरण में सोमवार को महत्वपूर्ण सुनवाई पूरी हो गई। प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश कमलेश कुमार कोल की अदालत में चली इस सुनवाई के बाद न्यायालय ने अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया है। अब इस मामले में अगली तारीख 08 अप्रैल 2026 तय की गई है, जिस दिन फैसले की घोषणा की संभावना है। मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं ने अपने-अपने तर्कों को विस्तार से न्यायालय के समक्ष रखा। याचिकाकर्ता की ओर से पेश अधिवक्ता संदीप कुमार तिवारी ने अपने पक्ष को मजबूत करते हुए उच्चतम न्यायालय द्वारा स्थापित विधिक सिद्धांतों का हवाला दिया और तथ्यों के आधार पर न्यायालय को अवगत कराया। कार्यवाही के दौरान न्यायालय ने पुलिस अभिलेख, अधीनस्थ न्यायालय के आदेश, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजों का गंभीरता से परीक्षण किया। विशेष रूप से प्रकरण से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सीडी का अदालत में ही अधिवक्ताओं की उपस्थिति में प्रत्यक्ष अवलोकन किया गया, जिससे मामले की संवेदनशीलता और महत्व स्पष्ट हुआ। न्यायालय ने सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों को पूरा अवसर देते हुए प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से दलीलें सुनीं और सभी पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया। इसके बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रखते हुए अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित कर दी। याचिकाकर्ता पक्ष के अधिवक्ता ने बताया कि न्यायालय द्वारा स्वयं साक्ष्यों का परीक्षण किया जाना न्यायिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को दर्शाता है। इससे आमजन के बीच न्याय व्यवस्था के प्रति भरोसा और मजबूत होता है। अब इस चर्चित मामले के अंतिम निर्णय को लेकर क्षेत्र में उत्सुकता बनी हुई है और सभी की निगाहें आगामी तारीख पर टिकी हैं।
