इंजीनियरिंग कॉलेज में यूआईटी उत्सव 2026 का भव्य आयोजन
Junaid Khan - शहडोल। विद्यार्थियों के उत्साह और उमंग के बीच शहडोल इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी यूआईटी उत्सव 2026 का सफल आयोजन किया गया। इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से उनकी विभिन्न कौशलों का विकास करना रहा। उत्सव के अंतर्गत दिनांक 8 अप्रैल 2026 को अटल कामधेनु गौ सेवा संस्थान के संचालक गौरव राल्ही मिश्रा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को गो सेवा, जीव दया तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में प्रेरित किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विशेष रूप से गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने, उनके प्रति संवेदनशीलता रखने तथा समाज में जीव दया की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को यह संकल्प भी दिलवाया कि वे भविष्य में जहां भी कार्य करेंगे, प्रकृति संरक्षण, गो सेवा और जीव दया के प्रति सदैव समर्पित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान अटल कामधेनु गौ सेवा संस्थान एवं कॉलेज के शिक्षकों द्वारा कॉलेज में कार्यरत सफाईकर्मियों एवं चौकीदारों को भी सम्मानित किया गया। ये कर्मचारी निरंतर कॉलेज परिसर में गायों के लिए अन्न तथा पशु-पक्षियों के लिए जल की व्यवस्था कर जीव दया का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। कार्यक्रम में कॉलेज के डायरेक्टर सी. पंकज जैन, माइनिंग विभाग के एचओडी सी. अमिताप मिश्रा सहित अन्य स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर अटल कामधेनु गौ सेवा संस्थान को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

