सीवरेज कार्य में लापरवाही पर आप का आक्रोश,अधूरे निर्माण से जनता परेशान कमिश्नर से की शिकायत, जल्द कार्रवाई का मिला आश्वासन

सीवरेज कार्य में लापरवाही पर आप का आक्रोश,अधूरे निर्माण से जनता परेशान कमिश्नर से की शिकायत, जल्द कार्रवाई का मिला आश्वासन


Junaid Khan - शहडोल। शहर में चल रहे सीवरेज निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार और अधूरे पड़े कामों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश पदाधिकारियों ने संभागीय कमिश्नर मैडम से मुलाकात कर जनता की गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने शहर की बदहाल सड़कों और अधूरी निर्माण प्रक्रिया के कारण आम नागरिकों को हो रही परेशानियों का विस्तार से उल्लेख किया। पदाधिकारियों ने बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों में सीवरेज लाइन डालने के लिए सड़कों को खोद दिया गया है, लेकिन लंबे समय से कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। इसके कारण न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। धूल, गड्ढों और कीचड़ से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जिससे व्यापारी, छात्र और आम नागरिक सभी प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने कमिश्नर मैडम से निवेदन किया कि जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीवरेज से जुड़े अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही जहां-जहां सड़कें खोदी गई हैं, वहां तत्काल मरम्मत कार्य कराकर आवागमन को सुगम बनाया जाए। कमिश्नर मैडम ने पदाधिकारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे और सीवरेज कार्य को समयसीमा में पूर्ण कराया जाएगा, जिससे आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है। आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में कार्य पूर्ण नहीं किया गया और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो पार्टी जनहित में सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि आम जनता की परेशानियों को नजरअंदाज करना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शहडोल जोन प्रभारी रामकृपाल सिंह, प्रदेश सचिव शक्ति सिंह चंदेल, प्रदेश सचिव विनोद कुमार सेन, प्रदेश सह सचिव बृजेंद्र पांडे, प्रदेश मीडिया विभाग से अनूप शर्मा तथा आम आदमी पार्टी शहडोल के जिला अध्यक्ष मंटू धोबा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। (अनूप शर्मा) जोन प्रभारी शहडोल

मीडिया विभाग आम आदमी पार्टी मध्य प्रदेश।

Previous Post Next Post