700 मीटर तक घसीटी गई बाइक, युवक गंभीर घायल लापरवाही से दहला सोहागपुर हाईवे
Junaid Khan - शहडोल। जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक युवक की जान को खतरे में डाल दिया। निर्माणाधीन पुलिया के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक ट्रक में फंस गई। हादसे के बाद ट्रक चालक ने इंसानियत को ताक पर रखते हुए बाइक को करीब 700 मीटर तक घसीटते हुए ओवरब्रिज के आगे तक ले गया। इस दौरान सड़क पर चिंगारियां उड़ती रहीं और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया। इसके बाद चालक ने सुनसान स्थान पर बाइक को निकालकर ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि युवक टक्कर के तुरंत बाद सड़क पर गिर गया, जिससे उसकी जान बच गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक वाहन चालक ने घायल युवक को सड़क पर पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सोहागपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में आक्रोश स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस निर्माणाधीन पुलिया के पास यह हादसा हुआ है, वहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। चारों दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों के कारण यहां लगातार हादसों का खतरा बना रहता है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। इस लापरवाही को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। सवालों के घेरे में व्यवस्था यह घटना न सिर्फ ट्रक चालक की लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि सड़क सुरक्षा और निर्माण कार्यों में बरती जा रही अनदेखी पर भी सवाल खड़े करती है। क्या प्रशासन इस हादसे से सबक लेकर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस कदम उठाएगा, या फिर इसी तरह लोगों की जान जोखिम में पड़ती रहेगी? यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि सड़क पर एक छोटी सी लापरवाही भी किसी की जिंदगी को तबाह कर सकती है।
