जयस्तम्भ चौक बना ऐतिहासिक स्वागत का साक्षी, पत्रकारों ने संगठन की मजबूती का लिया संकल्प
Junaid Khan - शहडोल। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ (IFWJ) के लिए यह क्षण गौरव, उत्साह और नई ऊर्जा से भरा रहा, जब अमरकंटक में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में घोषित नई जिम्मेदारियों के बाद संगठन के पदाधिकारी पहली बार शहडोल पहुंचे। इस अवसर पर शहर के जयस्तम्भ चौक पर राजनेताओं, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं शुभचिंतकों द्वारा उनका ऐतिहासिक एवं भव्य स्वागत किया गया, जिसने पूरे आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश भार्गव की अनुशंसा एवं प्रांताध्यक्ष उपेंद्र गौतम के नेतृत्व में आयोजित इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर कई वरिष्ठ और कर्मठ पत्रकारों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इनमें राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य के रूप में अनिल द्विवेदी, कमलेश श्रीवास्तव, मनोज सिंह, गोपाल दास बंसल, रामबाबू चौबे (अनूपपुर) एवं लुकमान अली के नाम शामिल रहे। वहीं प्रदेश स्तर पर राहुल सिंह राणा को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए मध्यप्रदेश संगठन प्रभारी (प्रमुख) बनाया गया. साथ ही अरविंद द्विवेदी को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष तथा जुनैद खान को प्रदेश सचिव के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए। शहडोल आगमन पर जयस्तम्भ चौक पर आयोजित स्वागत समारोह में उत्साह अपने चरम पर दिखाई दिया। फूल-मालाओं से सजी अभिनंदन की झलक, ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी की चमक और मिठाइयों की मिठास ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया। इस दौरान शहडोल जिला कई की जिला अध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी और अनूपपुर जिला इकाई के अध्यक्ष राज नारायण द्विवेदी के साथ युवक कांग्रेस शहडोल के जिलाध्यक्ष अनुपम गौतम, पार्षद सुफियान खान के साथ सैकड़ो की संख्या में पत्रकार साथी, राजनेता व शुभचिंतक उपस्थित रहे. उपस्थित जनसमूह ने अपने साथियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताया। इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत पदाधिकारियों ने सभी पत्रकार साथियों, समाजसेवियों एवं शुभचिंतकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे संगठन और पत्रकारिता जगत का सम्मान है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि साथियों का अपार स्नेह, सहयोग और विश्वास संगठन को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करता है। कार्यक्रम के उपरांत सभी पदाधिकारी एवं पत्रकार साथी विराटेश्वरी दुर्गा मंदिर पहुंचे, जहां माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पावन अवसर पर सभी ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, समाज सेवा और संगठन की मजबूती के लिए वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। प्रदेश संगठन प्रभारी राहुल सिंह राणा ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व और सेवा का सशक्त माध्यम है। संगठन की नई टीम पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। अंत में सभी पदाधिकारियों ने शहडोल जिले के पत्रकार साथियों, समाजसेवियों एवं शुभचिंतकों का दिल की गहराइयों से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार का स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद मिलता रहेगा। यह भव्य स्वागत समारोह न केवल एक सम्मान का अवसर बना, बल्कि संगठन की एकता, शक्ति और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में बढ़ते कदमों का प्रतीक भी सिद्ध हुआ।


