जिला अस्पताल में अनियमितताओं के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

जिला अस्पताल में अनियमितताओं के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन



Junaid Khan - शहडोल। जिला मुख्यालय शहडोल में आज युवा कांग्रेस द्वारा जिला अस्पताल में व्याप्त गंभीर अनियमितताओं के विरोध में जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी के नेतृत्व एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी के मार्गदर्शन में दिया गया। युवा काँग्रेस जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि, जिला अस्पताल परिसर में संचालित वाहन स्टैंड में मरीजों एवं उनके परिजनों से अवैध एवं मनमानी तरीके से शुल्क वसूला जा रहा है। इस अवैध वसूली के कारण पहले से परेशान मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिससे कई बार विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है। इसके अतिरिक्त अस्पताल के ब्लड बैंक में भी गंभीर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, वहीं दलालों के माध्यम से अवैध वसूली किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। रक्त की कमी के कारण गरीब एवं असहाय मरीजों का उपचार प्रभावित हो रहा है। युवा कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि वाहन स्टैंड में हो रही अवैध वसूली को तत्काल बंद कराया जाए तथा यदि ठेका वैध है तो निर्धारित दरों को सार्वजनिक किया जाए। साथ ही ब्लड बैंक में व्याप्त दलाली पर सख्त कार्रवाई करते हुए रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख रूप से युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी, प्रिंस सिंह, सत्यनारायण साहू, शैलेन्द्र शर्मा, आशीष द्विवेदी, दीपांशु गुप्ता, महेंद्र यादव, अमन तिवारी, पंकज तिवारी, ओम साहू, कृतितेंद्र सिंह, शिवम तिवारी, दीपक साहू, शुभांक पाण्डेय, कान्हा कोरी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post