जिला फुटबाल संघ शहडोल को स्थायी मान्यता दिलाने की पहल तेज, मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ जबलपुर से की गई पेशकश
Junaid Khan - शहडोल। जिले में फुटबॉल खेल के विकास और खिलाड़ियों के भविष्य को मजबूत दिशा देने के उद्देश्य से जिला फुटबाल संघ शहडोल को स्थायी मान्यता दिलाने की कवायद अब तेज हो गई है। इस संबंध में मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ जबलपुर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे जिले में फुटबॉल गतिविधियों को नई पहचान मिल सके। प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ जबलपुर के पत्र क्रमांक MPFA/ORG/DFA/2025/04.09.2025 के तहत जिला फुटबाल संघ शहडोल को अस्थायी समिति के गठन के लिए निर्देशित किया गया था। उक्त निर्देशों के पालन में जिला फुटबाल संघ द्वारा निर्धारित सभी प्रक्रियाओं को गंभीरता से पूरा किया गया है और खेल गतिविधियों को गति देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया गया। तदनुसार जिले में 09 फुटबॉल क्लबों का गठन किया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को संगठित मंच मिल सका। इसके साथ ही 24 बालक एवं बालिका फुटबॉल खिलाड़ियों को डी-लाइसेंस कोर्स कराया गया, वहीं 28 खिलाड़ियों को रेफरी कोर्स के माध्यम से प्रशिक्षित किया गया, जिससे खेल की तकनीकी समझ और संचालन क्षमता में वृद्धि हुई है। जिला फुटबॉल टीम ने इंटर डिस्ट्रिक्ट सीनियर फुटबॉल प्रतियोगिता अनुपपुर में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जो जिले के लिए गौरव का विषय बना। इसके अलावा संतोष ट्रॉफी प्रतियोगिता हेतु मध्यप्रदेश चयन ट्रायल में जिला फुटबाल संघ से चार खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया, जो खिलाड़ियों की प्रतिभा और संघ के प्रयासों को दर्शाता है। अखिल भारतीय नगर पालिका धनपुरी गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता में भी जिला फुटबाल संघ द्वारा महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले के खिलाड़ियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिसमें राष्ट्रीय सब-जूनियर बालिका प्रतियोगिता में शहडोल जिले की 05 खिलाड़ियों ने भाग लिया तथा राष्ट्रीय जूनियर बालिका प्रतियोगिता में 04 खिलाड़ियों ने जिले का प्रतिनिधित्व किया। इसी क्रम में बीएफए शहडोल अंडर-20 बालक टीम ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में इंदौर में भाग लेकर जिले का नाम रोशन किया। जिला फुटबाल संघ द्वारा उपरोक्त गतिविधियों के अतिरिक्त समय-समय पर प्राप्त निर्देशों के अनुरूप स्थानीय स्तर पर निर्धारित समय सीमा में सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई है। इस महत्वपूर्ण विषय को लेकर संघ की संरक्षक श्रीमती मनीषा सिंह (विधायक), अध्यक्ष इन्द्रजीत सिंह छाबड़ा, कार्यकारी अध्यक्ष मो. जकरिया फारूकी, सचिव रईस अहमद, उपाध्यक्ष ए. के. मोहंती, बालकृष्ण बंगारी, सफदर हुसैन, मोहम्मद शमीम तथा कोषाध्यक्ष अनिल सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा हस्ताक्षरित पत्र के माध्यम से मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ जबलपुर से जिला फुटबाल संघ शहडोल को स्थायी मान्यता प्रदान करने की मांग की गई है। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि यदि जिला फुटबाल संघ को स्थायी मान्यता प्राप्त हो जाती है तो जिले में फुटबॉल खेल को संगठित रूप से बढ़ावा मिलेगा, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी। आने वाले समय में शहडोल फुटबॉल के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान स्थापित कर सके, इसी उद्देश्य के साथ यह पहल की गई है।
