राजेंद्र भारती को अमरकंटक विकास प्राधिकरण की कमान, भाजपा में उत्साह की लहर-नेताओं ने जताया आभार
Junaid Khan - शहडोल। प्रदेश भाजपा संगठन द्वारा वरिष्ठ नेता राजेंद्र भारती को अमरकंटक विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाए जाने के निर्णय से जिले की राजनीतिक फिजा में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। संगठन के इस अहम फैसले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। राजनीतिक अनुभव और संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे राजेंद्र भारती को यह जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इसे संगठन की दूरदर्शिता और कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक बताया है। वर्ष 1990 में जिला युवा मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके भारती, जिला सहकारी बैंक शहडोल के पूर्व अध्यक्ष और विधानसभा ब्यौहारी के चुनाव प्रभारी के रूप में भी अपनी प्रभावी भूमिका निभा चुके हैं। इस नियुक्ति पर भाजपा के पूर्व महामंत्री कैलाश तिवारी, अरुण गुप्ता, आर.पी. त्रिपाठी, महेश भागदेव एवं शान उल्ला खान सहित अनेक नेताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। नेताओं का कहना है कि राजेंद्र भारती के नेतृत्व में अमरकंटक क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और क्षेत्रीय योजनाओं को मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। नेताओं ने उम्मीद जताई कि भारती के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ न केवल अमरकंटक क्षेत्र को मिलेगा,बल्कि इससे पूरे संभाग में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। यह नियुक्ति कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ-साथ विकास के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। शान उल्ला खान राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस फैसले से भाजपा संगठन ने एक बार फिर अनुभवी नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए आगामी रणनीति के संकेत भी दे दिए हैं।
