कॉलेज के साये में शराब का साया: छात्राओं का फूटा गुस्सा, विधायक से लगाई गुहार

कॉलेज के साये में शराब का साया: छात्राओं का फूटा गुस्सा, विधायक से लगाई गुहार 


Junaid Khan - शहडोल। ब्यौहारी शिक्षा के मंदिर के ठीक बगल में शराब की दुकान चलने से नाराज पैरामेडिकल कॉलेज की छात्राओं का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। छात्राओं ने एकजुट होकर विधायक शरद कोल को ज्ञापन सौंपते हुए साफ कहा या तो दुकान हटे, या हमारी पढ़ाई का माहौल बचाया जाए। छात्राओं ने बताया कि उनके कॉलेज के ठीक बगल में शराब दुकान संचालित हो रही है, जिसके कारण उन्हें आए दिन गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कॉलेज आने-जाने में भी डर लगने लगा है। ज्ञापन में साफ शब्दों में कहा गया कि इस शराब दुकान को यहां से हटवा दिया जाए यह शिकायत स्वयं पैरामेडिकल कॉलेज की छात्राओं ने की है। उनका कहना है कि आसपास के गांवों से करीब 200 छात्राएं यहां पढ़ाई के लिए आती हैं, लेकिन दुकान के कारण माहौल पूरी तरह बिगड़ गया है। छात्राओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज से महज 20 फीट की दूरी पर संचालित इस देसी-विदेशी शराब दुकान के चलते पूरे दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे में धुत लोग न सिर्फ रास्ता रोकते हैं बल्कि छात्राओं और महिला स्टाफ पर फब्तियां कसते हैं, जिससे उन्हें शर्मिंदगी और भय का सामना करना पड़ता है। स्थिति यह है कि हर दिन कॉलेज पहुंचना एक चुनौती बन गया है। छात्राओं का कहना है कि यहां से गुजरते समय मनचले किस्म के लोग छींटाकशी करते हैं और गंदे कमेंट पास करते हैं, जो अब आम बात हो चुकी है। इसके अलावा कॉलेज के आसपास लगे ठेलों पर भी असामाजिक तत्वों की बैठकी रहती है, जहां खुलेआम सिगरेट और नशा किया जाता है। इसकी दुर्गंध तक क्लासरूम में पहुंचती है, जिससे पढ़ाई का माहौल पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। छात्राओं ने विधायक से मांग की है कि इस शराब दुकान को तत्काल अन्यत्र शिफ्ट कराया जाए, ताकि शिक्षा का माहौल सुरक्षित रह सके। उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगी। अब देखने वाली बात यह है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस गंभीर मुद्दे पर कितनी तेजी से कदम उठाते हैं, क्योंकि यहां सवाल सिर्फ एक दुकान का नहीं बल्कि छात्राओं की सुरक्षा और भविष्य का है।

Previous Post Next Post