जल गंगा संवर्धन अभियानः तीन विकासखण्डों सोहागपुर, बुढार एवं जयसिंहनगर में जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रशिक्षण आयोजित
Junaid Khan - शहडोल। 24 अप्रैल 2026- जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिले के सोहागपुर, बुढार एवं जयसिंहनगर विकासखण्डों में एक साथ एफटीके (जल गुणवत्ता परीक्षण) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करना एवं स्थानीय स्तर पर जांच की क्षमता विकसित करना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों को जल गुणवत्ता परीक्षण की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पानी की शुद्धता जांचने की विधियों के साथ-साथ स्वच्छ जल के महत्व से भी अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक ग्राम से पांच कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि गांव स्तर पर ही जल गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जा सके। प्रशिक्षण में तीनों विकासखण्डों में दो पालियों में कुल 101 ग्राम पंचायतों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों को एफटीके किट का वितरण भी किया गया, जिससे वे अपने-अपने क्षेत्रों में जल परीक्षण का कार्य प्रभावी ढंग से कर सकें। यह पहल जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने एवं जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
