नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा की प्रेस वार्ता: महिलाओं को मिलेगा नेतृत्व का अधिकार-मनीषा सिंह

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा की प्रेस वार्ता: महिलाओं को मिलेगा नेतृत्व का अधिकार-मनीषा सिंह


Junaid Khan - शहडोल। नगर के कमला नगर स्थित ‘अटल निलय’ जिला भाजपा कार्यालय में सोमवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2026 को लेकर भाजपा द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह तथा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती शालिनी सरावगी उपस्थित रहीं। संचालन जिला मीडिया प्रभारी विनय केवट ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष निभा गुप्ता ने किया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मनीषा सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि महिलाओं को राजनीतिक मुख्यधारा में लाने का ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह अधिनियम महिलाओं को ‘याचक’ से ‘नायक’ की भूमिका में स्थापित करेगा और लोकसभा व विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण के माध्यम से उन्हें निर्णय लेने की ताकत देगा। उन्होंने बताया कि सरकार इस कानून में संशोधन कर इसे जल्द लागू करने की दिशा में काम कर रही है, ताकि आगामी चुनावों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। यह नया भारत महिलाओं के नेतृत्व में आगे बढ़ने का संकेत है। मनीषा सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने दशकों तक महिला आरक्षण के नाम पर राजनीति की, लेकिन इसे लागू करने की नीयत नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि 1996 से 2014 तक यह मुद्दा केवल घोषणापत्र तक सीमित रहा, जबकि मोदी सरकार ने इसे धरातल पर उतारने का काम किया।

मोदी सरकार में महिला सशक्तिकरण के प्रमुख बिंदु: 

12 करोड़ से अधिक शौचालय निर्माण से महिलाओं की गरिमा में वृद्धि

उज्ज्वला योजना से 10.33 करोड़ महिलाओं को धुएं से राहत

56% जनधन खाते महिलाओं के नाम

मुद्रा योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को ऋण, स्वरोजगार को बढ़ावा

10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं

‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ व ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ से बेटियों का भविष्य सुरक्षित

उच्च शिक्षा व STEM क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी

मातृत्व अवकाश 12 से बढ़ाकर 26 सप्ताह

देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रूप में नेतृत्व

अंत में उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही राष्ट्र को सशक्त बनाता है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है।

Previous Post Next Post