शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Junaid Khan - शहडोल। थाना जयसिंहनगर शहडोल द्वारा महिला संबंधी अपराधों पर कड़ी कार्यवाही करते हुए, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। दिनांक 13.04.2026 को प्रार्थिया ने अपने परिजनों के साथ थाना उपस्थित होकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। प्रार्थिया ने बताया कि वर्ष 2022 में एक विवाह समारोह के दौरान उसकी पहचान आरोपी सूरज अहिरवार निवासी ग्राम दरौड़ी से हुई थी। आरोपी ने प्रार्थिया को शादी का झांसा देकर मेल-जोल बढ़ाया। प्रार्थिया के अनुसार, जब वह नाबालिग (उम्र लगभग 16 वर्ष 08 माह) थी, तब दिनांक 01.06.2023 को आरोपी ने उसे जंगल में ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने बालिग होने पर शादी करने का वादा कर उसे चुप करा दिया। इसके बाद आरोपी पिछले 04 वर्षों से लगातार प्रार्थिया का शोषण करता रहा। अंतिम बार 23.02.2026 को आरोपी ने गलत काम किया और अब अपने वादे से मुकरते हुए शादी करने से साफ इंकार कर दिया। प्रार्थिया की शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जयसिंहनगर थाना में आरोपी के विरुद्ध अपराध धारा बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) एवं धारा पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। उक्त कार्यवाही विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए आरोपी की घेराबंदी की गई। आज दिनांक 13.04.2026 को आरोपी सूरज अहिरवार पिता रामसोरित उर्फ रामसोभित अहिरवार, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम दरौडी, थाना जयसिंहनगर को गिरफ्तार किया जाकर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। सराहनीय भूमिका- उक्त कार्यवाही निरीक्षक अजय कुमार बैगा थाना प्रभारी जयसिंहनगर के नेतृत्व में, सउनि. एहसान खांन, प्रआर. बांके सिंह, प्रआर. बृजभान सिंह, आर. नीरज अरोडे, आरक्षक उदय सिंह एवं मआर. खुशबू बू लोधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
