पोषण पखवाड़ा के छठवें दिन बच्चों के समग्र विकास पर विशेष सत्र, विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
Junaid Khan - शहडोल। पोषण अभियान “सही पोषण दिशा रोशन” के अंतर्गत 9 अप्रैल से 24 अप्रैल तक आयोजित हो रहे पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम में आज छठवें दिवस पर बच्चों के समग्र विकास को लेकर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में बच्चों के विकास को ट्रैक करने के लिए early identification की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया तथा चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान जन्म से लेकर बच्चों के शुरुआती विकास के स्तर, विकास के विभिन्न प्रकार, मोटर सेंसरी डेवलपमेंट, ग्रॉस डेवलपमेंट एवं फाइन डेवलपमेंट जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को सरल और प्रभावी तरीके से समझाया गया। साथ ही बच्चों के सही शारीरिक विकास के लिए वजन और लंबाई के नियमित मापन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया, जिससे समय रहते कुपोषण या विकास में किसी भी प्रकार की कमी की पहचान की जा सके। विशेषज्ञों ने बताया कि बच्चों के समुचित विकास के लिए टीकाकरण के सभी चरणों का समय पर पालन अत्यंत आवश्यक है। टीकाकरण न केवल बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाता है, बल्कि उनके शारीरिक और मानसिक विकास को भी मजबूत बनाता है।
इस अवसर पर RBSK आयुष मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर रश्मि साहू, न्यूट्रिशन डाइटिशियन एवं फीडिंग्स डेमोंस्ट्रेटर NRC हेड इंचार्ज रुचि सराफ, तथा ANM अर्चना निगम द्वारा उपस्थित माताओं एवं हितग्राहियों को व्यावहारिक जानकारी देते हुए पोषण और देखभाल के विभिन्न पहलुओं को विस्तार से समझाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित हितग्राहियों को यह भी बताया गया कि बच्चों के शुरुआती वर्षों में सही पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता ही उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है। विशेषज्ञों ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के विकास के प्रत्येक चरण पर सतर्क रहें और किसी भी असामान्यता की स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लें।
पोषण पखवाड़ा के इस आयोजन ने न केवल जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया, बल्कि माताओं और परिवारों को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जिम्मेदार बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
