पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ: सही पोषण, देश रोशन के संदेश के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में जागरूकता अभियान तेज

पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ: सही पोषण, देश रोशन के संदेश के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में जागरूकता अभियान तेज


Junaid Khan - शहडोल। पोषण अभियान के अंतर्गत पोषण पखवाड़ा “सही पोषण, देश रोशन” के संदेश के साथ 9 अप्रैल 2026 को विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 3 में पोषण पर संवाद एवं चर्चा का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं, शिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक पोषण के महत्व को पहुंचाना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। आयोजित कार्यक्रम में पोषण पर विस्तृत चर्चा करते हुए पोषण तत्वों के महत्व को समझाया गया। साथ ही स्वच्छता, शिक्षा और संतुलित आहार की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया। इस दौरान उपस्थित समस्त महिलाओं, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं किशोर बालिकाओं से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी शिक्षा एवं उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए समाधान भी बताया गया। विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि सही पोषण और स्वच्छता के माध्यम से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।

कार्यक्रम में संवाद के माध्यम से प्रतिभागियों को यह भी समझाया गया कि पोषण केवल भोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच, शिक्षा और जागरूकता भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस पहल से महिलाओं एवं बालिकाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

विशेष निर्देश जारी

समस्त सीडीपीओ को विशेष ध्यान देने के निर्देश जारी किए गए हैं कि वे पर्यवेक्षकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित करें कि पोषण पखवाड़ा के शुभारंभ अवसर पर वेबकास्ट प्रसारण में अधिकाधिक लोगों को जोड़ा जाए। टीवी, लैपटॉप, मोबाइल या अन्य किसी भी माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस प्रसारण से जोड़ने का प्रयास किया जाए, ताकि पोषण संबंधी जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंच सके। इसके साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत आज से प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर निर्धारित दिवसवार गतिविधियों का नियमित आयोजन सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक दिन अलग-अलग विषयों पर आधारित गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा, जिससे अभियान का प्रभाव अधिक व्यापक और प्रभावी हो सके। पोषण पखवाड़ा के इस शुभारंभ के साथ ही जिले भर में स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूकता फैलाने का एक व्यापक अभियान शुरू हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में समाज के हर वर्ग को इसका लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही।

Previous Post Next Post